मोहानी जटामा सड़क बनी मुसीबत, अधूरी सड़क बन गयी खतरा

ग्रामीणों ने प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों पर उठाये सवाल
महागामा प्रखंड अंतर्गत मोहनी से जटामा के बीच बन रही सड़क इन दिनों आम लोगों के लिए राहत नहीं बल्कि मुसीबत बन गयी है. सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिये जाने के कारण पूरे रास्ते में गड्ढे, उभरे हुए हिस्से और असमान सतह दिखाई दे रही है, जिससे रोजाना लोग गिरकर घायल हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लगभग 3 महीनों से सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है. हर दिन 5 से 10 लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. बावजूद इसके, न तो काम में कोई तेजी दिखाई दे रही है और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किये गये हैं. सबसे बड़ी समस्या यह है कि सड़क निर्माण स्थल पर कहीं भी सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह पता नहीं चल पा रहा कि यह काम किस कंपनी द्वारा किया जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं.
जनप्रतिनिधियों और मंत्री से की गयी मांग
ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक वे इस परेशानी को झेलते रहेंगे. उन्होंने क्षेत्र की विधायक एवं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाये. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गयी, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल, यह सड़क लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रही है और जिम्मेदारों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










