जर्जर यात्री शेड बना परेशानी का कारण, गंदगी से यात्रियों का हाल बेहाल
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 12 May 2026 11:10 PM
मरम्मत और सफाई के अभाव में उपेक्षित पड़ा यात्री शेड
महागामा प्रखंड क्षेत्र के नयानगर चौक स्थित यात्री शेड इन दिनों बदहाली और उपेक्षा का शिकार बना हुआ है. कभी राहगीरों एवं यात्रियों को धूप, बारिश और गर्मी से राहत देने वाला यह यात्री शेड अब स्वयं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार यात्री शेड की छत एवं दीवारें जगह-जगह से टूट चुकी हैं. परिसर में कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिससे दुर्गंध फैल रही है. गंदगी के कारण यात्री यहां बैठने से परहेज कर रहे हैं. नयानगर चौक क्षेत्र एक प्रमुख एवं व्यस्त स्थान है, जहां ऑटो स्टैंड संचालित होता है. साथ ही हनवारा, महागामा सहित बिहार की ओर जाने वाली कई गाड़ियां भी यहीं से खुलती हैं. दिनभर यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है, बावजूद इसके यात्री शेड की स्थिति दयनीय बनी हुई है. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से यात्री शेड की मरम्मत और सफाई की मांग की गयी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. भीषण गर्मी के दौरान जहां यात्री शेड लोगों को राहत देने का काम करता है, वहीं वर्तमान स्थिति में यात्री खुले आसमान के नीचे खड़े रहने को मजबूर हैं. इससे सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है. यात्रियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब यात्री शेड की मरम्मत कराने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जमा कचरे को हटाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










