खरीदारों की भीड़, नये कपड़े और विशेष पकवानों की खरीदारी ने बाजारों में बढ़ायी चहल-पहल

Updated:
विज्ञापन
खरीदारों की भीड़, नये कपड़े और विशेष पकवानों की खरीदारी ने बाजारों में बढ़ायी चहल-पहल

हनवारा और महागामा के बाजारों में ईद की तैयारियों में बढ़ी रौनक

विज्ञापन

पवित्र माह रमजान के आखिरी अशरे में जैसे-जैसे ईद का त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे महागामा प्रखंड के बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है. हनवारा, महागामा, मोहनपुर, श्रीमतपुर, नयानगर, शहजादपुर और दहिया चौक सहित आसपास के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. सुबह से लेकर देर शाम तक दुकानों पर लोगों की चहल-पहल देखी जा रही है. ईद के मौके पर नये कपड़े पहनने की परंपरा को देखते हुए छोटे बच्चों से लेकर बड़े लोग तक कपड़ों की खरीदारी में जुटे हुए हैं. बाजारों में कुर्ता-पायजामा, खान ड्रेस, बंडी, लूंगी, शर्ट-पैंट सहित विभिन्न प्रकार के परिधान उपलब्ध हैं. वहीं, जूते-चप्पल की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है. ईद के खास पकवान सेवई और लच्छा की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी हुई है. बाजार में विभिन्न क्वालिटी की सेवइयां उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 100 रुपये प्रति किलो से लेकर 300 रुपये प्रति किलो तक बतायी जा रही है. दुकानदारों ने मांग को देखते हुए अपनी दुकानें सजाकर तैयार रखी हैं. महिलाएं भी ईद की तैयारियों में पीछे नहीं हैं. चूड़ी, बाला, झुमका, चाइनीज हार और अन्य श्रृंगार के सामान की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखी जा रही है. इसके अलावा इत्र, कांच के बर्तन और अन्य जरूरत की चीजों की खरीदारी में भी लोग व्यस्त हैं. हनवारा बाजार में लच्छा की दुकान लगाने वाले इरफान ने बताया कि ईद को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल है. दोपहर में तेज धूप के कारण महिलाएं कम निकल रही हैं, लेकिन शाम होते ही दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है. बच्चों में नये डिजाइन की टोपी और कपड़ों को लेकर भी खास उत्साह देखा जा रहा है. दुकानदारों का कहना है कि इस वर्ष 20 या 21 मार्च को ईद मनाये जाने की संभावना है. दो वर्षों के बाद इस बार ईद पर बेहतर कारोबार होने की उम्मीद जतायी जा रही है. फिलहाल महागामा और हनवारा सहित आसपास के बाजारों में त्योहार की रौनक साफ नजर आने लगी है.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola