ठाकुरगंगटी में ठंड और घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त

प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी
क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम के बीच घने कोहरे एवं शीतलहर का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है. कपकपाती ठंड से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. तापमान में भारी गिरावट के कारण लोग अपने घरों से निकलने में असमर्थ हो रहे हैं तथा हाथ-पांव ठिठुरने लगे हैं. घने कोहरे के कारण सड़कें वीरान नजर आ रही हैं और यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है. सड़कों पर चल रहे लोगों को रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा है. कड़ाके की ठंड के चलते शाम ढलने से पहले ही लोग अपने-अपने घरों में शरण लेने को मजबूर हैं. विगत दस दिनों में ठंड में इतना इजाफा हो गया है कि लोगों का सामान्य जीवन दूभर हो गया है. इस भीषण ठंड में लोगों के लिए अलाव ही एकमात्र सहारा बन गया है. तेज गति से चल रही ठंडी हवाओं ने आम जनजीवन को और अधिक झकझोर दिया है. क्षेत्र के चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस कड़ाके की ठंड में भी प्रखंड एवं अंचल प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है. न तो गरीब एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया जा रहा है और न ही सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गयी है. मजबूरी में लोग अपने स्तर से अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं. ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग किया है कि शीघ्र सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की जाये तथा गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण सुनिश्चित किया जाये, ताकि इस भीषण ठंड से लोगों को राहत मिल सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




