महागामा में आभूषण दुकान में चोरी, सोना-चांदी और मशीनें गायब

Updated:
विज्ञापन
महागामा में आभूषण दुकान में चोरी, सोना-चांदी और मशीनें गायब

चोरी की घटनाओं से व्यवसायियों में भय और पुलिस के प्रति आक्रोश का माहौल

विज्ञापन

महागामा प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ गया है. दो माह के भीतर महागामा और हनवारा थाना क्षेत्र के कई आभूषण व्यवसायियों की दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी मात्रा में कीमती जेवरात उड़ा लिये गये हैं. इस प्रकार की घटनाओं ने स्थानीय व्यवसायियों में भय और पुलिस के प्रति आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है. ताजा मामला महगामा थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव का है, जहां रविवार रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हीरा लाल सोनी की आभूषण दुकान को निशाना बनाया. चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लगभग 3 किलो चांदी, 15 ग्राम सोना और सोना-चांदी तौलने वाली मशीनें ले जाकर फरार हो गये. सूचना के अनुसार, हीरा लाल सोनी जैसे ही अपनी दुकान बंद कर घर गया था, उसी रात चोरी की वारदात हुई. सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने उन्हें सूचित किया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है. दुकान पहुंचने पर दुकानदार ने पाया कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और आलमारी का ताला भी क्षतिग्रस्त था. दुकान में सामान बिखरा हुआ था और कीमती जेवरात गायब थे. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोरी की वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गयी है और चोरों ने पहले से दुकान की रेकी की होगी. उन्होंने कहा कि हमने अपनी जीवन भर की कमाई इन आभूषणों में लगा रखी थी. चोरों ने न केवल आर्थिक चोट पहुंचायी है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं. घटना की खबर फैलते ही गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 25 वर्षों में दिग्घी गांव में इस प्रकार की घटना पहली बार हुई है. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए चोरी गये सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

मामले की सूचना मिलते ही महगामा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी कर रही है. शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

-मनोज कुमार पाल, थाना प्रभारीB

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola