कमरगामा में गहराया पेयजल संकट, डब्बे का पानी बना सहारा

Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 26 May 2026 11:21 PM

विज्ञापन

सोलर जलमीनार और चापानल खराब, ग्रामीणों को खरीदना पड़ रहा पानी

विज्ञापन

मेहरमा प्रखंड के डोय पंचायत अंतर्गत कमरगामा गांव में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है. सोलर जलमीनार और चापाकल खराब हो जाने के कारण ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की भारी समस्या उत्पन्न हो गयी है. स्थिति यह है कि ग्रामीणों के लिए अब महंगे डब्बा बंद पानी ही एकमात्र सहारा रह गया है. जानकारी के अनुसार कमरगामा गांव की आबादी लगभग एक हजार है, जिसमें मुस्लिम समुदाय की संख्या अधिक है. इसके अलावा यहां शर्मा एवं मंडल जाति के लोग भी निवास करते हैं. ग्रामीणों के अनुसार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा लगभग सात वर्ष पूर्व गांव में छह चापाकल लगाये गये थे, जबकि करीब पांच वर्ष पूर्व 15वें वित्त आयोग की राशि से तीन सोलर जलमीनार स्थापित किये गये थे. इन योजनाओं के प्रारंभ में ग्रामीणों को आसानी से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा था, जिससे उन्हें काफी राहत मिली थी. पहले जो ग्रामीण प्रतिदिन 15 से 20 रुपये खर्च कर डब्बा बंद पानी खरीदते थे, उन्हें सोलर जलमीनार से निशुल्क और शुद्ध पानी मिलने लगा था.

गर्मी बढ़ते ही बिगड़ी व्यवस्था

ग्रामीणों के अनुसार कुछ ही महीनों बाद गर्मी बढ़ने पर भूजल स्तर नीचे चले जाने से चापानलों ने काम करना बंद कर दिया. वहीं सोलर जलमीनार भी समय के साथ खराब हो गये. वर्तमान में अधिकांश चापाकल और सभी सोलर जलमीनार बंद पड़े हैं. स्थिति यह है कि अब ग्रामीणों को पुनः डब्बा बंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है. ग्रामीण मो. असफाक, मो. निजाम, मो. छोटू, मो. कलीम, परशुराम शर्मा एवं अरविंद शर्मा ने बताया कि लगाये गये चापानलों में से केवल दो ही आंशिक रूप से कार्यरत हैं, जबकि शेष सभी खराब हो चुके हैं. सोलर जलमीनार भी पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पड़े हैं. भीषण गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी खराब चापाकलों एवं सोलर जलमीनारों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके.

क्या कहते हैं मुखिया

गांव में लगे सोलर जलमीनार व चापानल को ठीक कराया गया था. पानी का लेयर खत्म हो जाने के कारण पेयजल की परेशानी हो रही है. जल्द ही सभी को ठीक कराया जाएगा.

-मुसर्रफ आरा,मुखिया डोय पंचायत

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola