जीवन को मजबूत बनाता है अध्यात्म, संकट में भी देता है सकारात्मक ऊर्जा : देवी प्रीति रामानुज

कजरैल गांव में सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन, अध्यात्म व सकारात्मक ऊर्जा पर दिया जोर
ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के कजरैल गांव में चैती दुर्गा पूजा और रामनवमी को लेकर सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया गया. गुरुधाम वृंदावन से पधारी देवी प्रीति रामानुज जी ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के जीवन में अध्यात्म और आदर्श महापुरुषों के प्रेरक जीवन चरित्र, उनके संघर्ष, त्याग और साहस का स्वाध्याय हो, उसे भीतर से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. उन्होंने कहा कि अध्यात्म के बिना मानव जीवन अधूरा है. अध्यात्म जीवन निर्माण का मूल सूत्र, दिशा और पथ है. जीवन की शुरुआत संस्कारों से होती है और ये संस्कार हमें अध्यात्म से मिलते हैं. माता के गर्भ से प्राप्त संस्कार, परमात्मा और उनकी मूर्ति में श्रद्धा, ईश्वरीय शक्ति में विश्वास, बड़े और गुरुजनों का सम्मान. यह सभी तत्व मानव जीवन को संवारते हैं. देवी प्रीति रामानुज जी ने कहा कि अध्यात्म व्यक्ति को भीतर से आत्मविश्वास और मानसिक बल देता है. चाहे जीवन अशांत, व्याकुल या कठिन परिस्थितियों से भरा हो, सद्ग्रंथ और अध्यात्म का सहारा मिलने पर जीवन की यात्रा सरल और सुगम हो जाती है. उन्होंने बताया कि जीवन में सुख-दुःख, विपत्तियां और कठिनाइयां आती रहती हैं, लेकिन अध्यात्म और महापुरुषों के प्रेरक जीवन चरित्र का अध्ययन करने वाला व्यक्ति थकता नहीं, टूटता नहीं और कभी हार नहीं मानता. कथा में भाग लेने वाले श्रद्धालु भजन और कथा में लीन नजर आये. इस दौरान कमेटी के व्यवस्थापक सह जिला परिषद सदस्य निरंजन कुमार पोद्दार, बिनोद कुमार साह, पारस नाथ चौधरी, मदन रजक, निरंजन पासवान, घनश्याम पोद्दार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे. थाना प्रभारी राजन कुमार राम के नेतृत्व में पुलिस बलों को तैनात कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित की गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




