एसआइआर को लेकर पोड़ैयाहाट में बीएलओ को दिया जा रहा प्रशिक्षण

मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की तैयारी
पोड़ैयाहाट प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू के द्वारा एसआइआर को लेकर पोड़ैयाहाट में बीएलओ का प्रशिक्षण शुरू हुआ. यह प्रशिक्षण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिया जा रहा है, जिसमें सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ की भागीदारी अनिवार्य की गयी है. निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है. प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच और डेटा अपडेट करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे. इस प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाता सूची में केवल पात्र और वर्तमान निवासी ही शामिल हों. बीएलओ को अपने बूथ क्षेत्र के हर घर में जाकर मतदाताओं का सत्यापन करना होगा. इसमें नए पात्र मतदाताओं (18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके) को सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरा जाएगा. साथ ही मृतक, स्थानांतरित या डुप्लिकेट नाम वाले मतदाताओं को सूची से हटाया जाएगा. इसके साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम हटाना, अन्य क्षेत्र में शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हटाना, त्रुटिपूर्ण विवरण सुधारना, डुप्लिकेट नामों की पहचान और हटाना, मतदाता द्वारा प्रस्तुत आधार, आयु प्रमाण और निवास प्रमाण का सत्यापन, नये मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ना आदि शामिल है. एसआइआर अभियान प्रारंभ होने से पहले सभी बीएलओ मतदान केंद्र के घर-घर जाकर हर घर को काल्पनिक गृह संख्या देंगे, जिसे नेशनल हाउस नंबर कहा जाएगा. इससे प्रत्येक बूथ में कुल घरों की संख्या और वोटर आईडी कार्ड में सही हाउस नंबर सुनिश्चित किया जाएगा. इस दौरान मास्टर ट्रेनर रूपेश कुमार शर्मा और प्रखंड निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




