सोशल मीडिया पर निगरानी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के दिये निर्देश

होली पर्व को लेकर शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था पर प्रशासन की निगाह, डीसी-एसपी ने की बैठक
पवित्र होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाहरणालय सभागार में डीसी अंजली यादव और एसपी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान डीसी और एसपी ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किये. डीसी अंजली यादव ने कहा कि होली पर्व को लेकर सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी. उन्होंने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिये. साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.
पुलिस बल की तैनाती और गश्त बढ़ाने का निर्देश
एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और गश्ती दलों को सक्रिय रखा जाएगा. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये गये. उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी और ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी.सभी आवश्यक विभागों को किया गया अलर्ट
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि होलिका दहन से पहले स्थानों का निरीक्षण कर अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखा जाएगा. विद्युत विभाग को जर्जर तारों की मरम्मत और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. चिकित्सा विभाग को आपातकालीन सेवाएं सुदृढ़ रखने और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया. जिला प्रशासन ने गोड्डा के लोगों से अपील किया है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली पर्व मनायें किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या जिला नियंत्रण कक्ष को दें.
अवैध खनन की रोकथाम के लिए खनन टास्क फोर्स की हुई बैठक
जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए डीसी अंजली यादव और एसपी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. डीसी अंजली यादव ने कहा कि अवैध खनन और तस्करी के मामलों में सभी सीओ और थाना प्रभारी को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं. उन्होंने कहा कि अवैध बालू, पत्थर, कोयला और खनिज के मामलों में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाये और नियमानुसार दंड राशि की वसूली की जाये. डीसी ने अवैध खनन के लिए चिन्हित हॉटस्पॉट पर लगातार छापेमारी करने और एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया. साथ ही, सभी बालू घाटों पर साइन बोर्ड लगाने और जियो टैग फोटो भेजने के निर्देश भी दिये गये. एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में अवैध खनन के किसी भी वाहन को नहीं चलने दिया जाएगा. दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी और कड़ी सजा दिलवाने के लिए एफआईआर दर्ज की जाएगी. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी वन प्रक्षेत्रों और अंचल क्षेत्रों में अवैध उत्खनन को रोकने के लिए सघन निरीक्षण और छापेमारी की जाएगी. इसके साथ ही गड्ढों की डोजरिंग और पहुंच मार्गों पर ट्रैक कटिंग का कार्य कर अवैध उत्खनन को रोकने के निर्देश दिये गये.मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के दिये निर्देश
जिले में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार, तस्करी और दुरुपयोग की रोकथाम के लिए डीसी और एसपी की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में मादक पदार्थों के खिलाफ किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गयी और आगामी कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक में डीसी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाये. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है. इस संदर्भ में विशेष रूप से विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया, ताकि युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ सके. डीसी ने बैठक के दौरान यह भी बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित सूचना साझा करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ किया जाएगा. नियमित निगरानी और अंतर-विभागीय समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिये गये, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह से नियंत्रण रखा जा सके. डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए हर संभव कदम उठाये जाएंगे. इस दौरान एसपी मुकेश कुमार ने जिले में चलाये जा रहे विशेष अभियानों, छापामारी कार्रवाइयों और दर्ज मामलों की जानकारी दी. उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात की. बैठक में गोड्डा एसडीओ वैद्यनाथ उरांव, महागामा के एसडीओ आलोक वरण केसरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पूर्णेन्दु सहित कई अधिकारी मौजूद थे. सभी ने मिलकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखने की बात कही और भविष्य में इस दिशा में अधिक प्रभावी कार्यवाही का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




