तेलगामा के पास हाइवा 35 फीट गड्ढे में गिरा, बड़ा हादसा टला

Updated:
विज्ञापन
तेलगामा के पास हाइवा 35 फीट गड्ढे में गिरा, बड़ा हादसा टला

एनटीपीसी एमजीआर रेलवे लाइन के समीप दुर्घटना, चालक-खलासी घायल

विज्ञापन

ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महागामा-ललमटिया मुख्य मार्ग पर तेलगामा गांव के समीप सोमवार तड़के लगभग तीन बजे एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए करीब 35 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. गड्ढे के बगल से एनटीपीसी की एमजीआर रेलवे लाइन गुजरती है. संयोगवश उसी समय राजमहल परियोजना से कोयला लोड करने के लिए एमजीआर ट्रेन वहां पहुंच रही थी. हाइवा गड्ढे में गिरकर ट्रेन की बोगी के समीप जा पहुंचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया. दुर्घटना के बाद चालक लालू कुमार किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया, जबकि खलासी मनीष कुमार हाइवा के दरवाजे में लगभग दो घंटे तक फंसा रहा. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रोशन कुमार तथा एनटीपीसी की रेस्क्यू टीम के सदस्य शुभाशीष बनर्जी मौके पर पहुंचे. टीम ने हाइवा का दरवाजा काटकर खलासी को बाहर निकाला. घायल चालक और खलासी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों घायल हैं, जबकि खलासी का पैर टूट गया है. दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त हाइवा (संख्या जेएच 12 एस 7078) को जब्त कर पुलिस जांच में जुट गयी है. दुर्घटना के कारण लगभग तीन घंटे तक कोयला ढुलाई कार्य बाधित रहा. रेलवे ट्रैक को खाली कराये जाने के बाद पुनः कोयला परिवहन शुरू कर दिया गया.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola