महिलाओं के विकसित होने से ही देश विकसित होगा : मालती मुर्मू

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के साप्ताहिक उत्सव पर महिला समाज के बैनर तले हुई बैठक
ललमटिया के आइटीआइ कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के साप्ताहिक उत्सव के अवसर पर झारखंड राज्य महिला समाज एटक यूनियन के बैनर तले बैठक आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला समाज की अध्यक्ष मालती मुर्मू ने की. उद्घाटन महिला समाज के संरक्षक रामजी साह और अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया. अध्यक्ष मालती मुर्मू ने कहा कि हम नारी नहीं, चिंगारी हैं. महिला को कम नहीं आंकना चाहिए. हर क्षेत्र में महिलाएं परचम लहरा रही हैं. भारत के राष्ट्रपति भी महिला बनकर देश का गौरव बढ़ा रही हैं. यदि महिलाएं विकसित होंगी, तो देश भी विकसित होगा. सचिव निहारिका कुमारी ने कहा कि महिलाएं राजनीति, खेल और अन्य सभी क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ रही हैं. यदि महिलाओं पर अत्याचार होता है, तो उन्हें आवाज उठाने के लिए आगे आना होगा. सरकार को भी महिला उत्पीड़न और शोषण रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए. उन्होंने बाल विवाह पर भी ध्यान आकर्षित किया और कहा कि बाल विवाह महिला के जीवन और जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालता है. बाल विवाह और बाल तस्करी को रोकने के लिए महिलाओं को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी. कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया. साथ ही आदिवासी महिला द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर सांझली टुडू, रीता देवी, रीना कुमारी, शांति पहाड़ीन, मंजू देवी, प्रमिला बेसरा, बबीता, अकालमुनि देवी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




