तेतरिया माल पंचायत में निकाली गयी भव्य कलश शोभा यात्रा

Updated:
विज्ञापन
तेतरिया माल पंचायत में निकाली गयी भव्य कलश शोभा यात्रा

3001 कुमारी कन्याओं और महिलाओं ने लिया भाग, यात्रा में श्रद्धालुओं ने जय श्री राम के लगाये नारे

विज्ञापन

ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के तेतरिया माल पंचायत के जीवन खुटहरी झिल्ली गांव में श्रीमद भागवत कथा के आयोजन को लेकर भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. कथा मंडली परिसर से हाथी, घोड़े और गाजे-बाजे के साथ यह यात्रा प्रारंभ हुई. यात्रा ने गांव के मंदिर परिसर का परिक्रमा करते हुए मानिकपुर, बेलवा, तेतरिया, बिसनपुर, भगैया होते हुए खंदहार तालाब तक यात्रा की. जहां जजमान चंद्रहास पासवान और उनकी धर्मपत्नी रीना देवी तथा मिथुन राय और उनकी धर्मपत्नी शोभा देवी ने पूरे विधि-विधान के साथ संकल्प लेकर कलश में जल भरा. इसके बाद यात्रा पुनः मानिकपुर गांव का भ्रमण करते हुए कथा मंडली परिसर तक पहुंची. यात्रा में 3001 कुमारी कन्याओं और महिलाओं ने भाग लिया, जिनकी उपस्थिति ने यात्रा को विशेष रूप से भव्य बना दिया. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शरबत और पानी की समुचित व्यवस्था की गयी थी. यात्रा में शामिल लोग जय श्री राम के उद्घोष के साथ आगे बढ़ रहे थे. यात्रा की कतार इतनी लंबी थी कि मार्ग पर अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी थी. पूरे मार्ग पर यात्रा की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जा रही थी. यात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए कहलगांव से एक रथ मंगवाया गया था, जिस पर भागलपुर, बिहार से पधारे कथा वाचक मनी प्रकाश जी महाराज विराजमान थे. इस भव्य यात्रा के साथ-साथ कथा मंडली में धार्मिक वातावरण और भक्तिमय माहौल का निर्माण हो गया. कमेटी के व्यवस्थापक सह युवा नेता गोबिंद कुमार यादव ने बताया कि कलश यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार से मनी प्रकाश जी महाराज कथा का आयोजन करेंगे. यह कथा समूचे गांव के श्रद्धालुओं को अमृत वाणी से अभिभूत करेगी. कथा संध्या 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी, जिसमें 10,000 से अधिक श्रद्धालु कथा का अनुश्रवण कर सकेंगे. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में हलवा ग्रहण कराया गया. इस मौके पर कमेटी के सदस्य झारी कुंवर, संजीव कुमार यादव, रामाकांत राय, सुनील यादव, सुभाष पासवान, तपेश्वर राय, मनोज राय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे. थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल और महिला बलों की तैनाती की गयी थी, ताकि शोभा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हो सके.

विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola