ePaper

Giridih News :पेयजल की गंभीर संकट से जूझ रहे चतरो पंचायत के लोग

Updated at : 18 Jan 2026 10:32 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :पेयजल की गंभीर संकट से जूझ रहे चतरो पंचायत के लोग

Giridih News :प्रभात खबर आपके द्वार की टीम देवरी प्रखंड का चतरो पंचायत पहुंची. इसमें लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं. पंचायत की सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है. इसके कारण ग्रामीण परेशान रहते हैं.

विज्ञापन

ग्रामीण संजय बरनवाल, मुन्नी सिंह, निशांत गुप्ता, मंजय साव, पिंटू गुप्ता, राजीव रंजन, अतुल बरनवाल व संतोष साव ने कहा कि अभी तक पानी की सप्लाई का काम पूरा नहीं हो पाया है. शिक्षा की बेहतरी के लिए यहां के ग्रामीणों के द्वारा लंबे अरसे से डिग्री कॉलेज की स्थापना करवाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस पर पहल नहीं हुई. कॉलेज की सुविधा नहीं रहने से उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को दूसरे प्रखंड या फिर जिले में अवस्थित कॉलेज में नामांकन करवाना पड़ता है. पंचायत के एक भी गांव में विवाह भवन की सुविधा नहीं है.इससे भी परेशानी होती है.

वर्ष 2013 में शुरू हुई जलापूर्ति योजना अभी तक नहीं हुई पूरी

पंचायत में पेयजल व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है. वर्ष 2012 -13 में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत घरों में पाइईपलाइन से पानी पहुंचाने की योजना शुरू हुई. योजना के तहत बजरंग बली मोड़ पर जलमीनार बनवाया गया, लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई. इसके बाद वर्ष 2020- 2021 15वें वित्त से चतरो दुर्गा मंदिर के पास जलमीनार बनवाया गया. पंचायत स्तर से पूरनीगड़िया, पथलघटिया व पूरनाबथान में सोलरयुक्त जलमीनार लगाया गया, लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पायी. वर्ष 2024 में जल जीवन मिशन के तहत काम शुरू हुआ. इसके तहत चतरो आंशिक भाग, खिजुरियाटांड़, करमाटांड़ व पथलघटिया में बोरिंग कर जलमीनार बनवाया गया. शेष गांव में कार्य शुरू भी नहीं हुआ है. वहीं खिजुरियाटांड़ में लगा जलमीनार बेकार पड़ा हुआ है. इसके अलावे पूरनीगड़िया, पूरनाबथान, मनकडीहा, पथराटांड़, चतरो ऊपर व नीचे टोला, चतरो बाजार, सलैयापहरी में अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है.

चतरो बाजार में लगी लाइट नहीं की गयी चालू

चतरो बाजार में सौंदर्यीकरण कार्य के तहत पथ निर्माण विभाग ने सौ से भी अधिक बड़ी स्ट्रीट लाइट लगायी है, लेकिन इसे आज तक चालू नहीं किया जा सका है. पंचायत में चतरो, पूरनीगड़िया, पूरनाबथान, मनकडीहा, करमाटांड़, पथलघटिया, करमाटांड़ व बरमसिया गांव हैं. आबादी 10-12 हजार है. इतनी बड़ी आबादी रहने के बाद भी पंचायत के एक भी गांव में खेल मैदान का काम पूरा नहीं हुआ है. यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है. चतरो पंचायत में स्वास्थ्य सुविधा के लिए दो उपकेंद्र का संचालन हो रहा है, जिसमें आवश्यकता के अनुसार सुविधा नहीं मिल पाने से ग्रामीणों में निराशा है.

स्वास्थ्य उपकेंद्र को अपग्रेड करने की मांग

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड कर 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की है. उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की वजह से यहां पर सुविधाओं का अभाव है. चतरो पंचायत में अगर व्यवसायिक मंडी को छोड़ दिया जाये, तो पंचायत अब भी समस्याओं की मकड़जाल में फंसा हुआ है.

बाजार में गंदगी का अंबार

चतरो व्यावसायिक मंडी में पंचायत स्तर पर डस्टबिन तो लगवाया गया है, लेकिन साफ सफाई के लिए कर्मी की नियुक्ति नहीं हैं. इसके कारण डस्टबिन में जमा होनेवाले कचरा का निपटान नहीं हो पा रहा है. जगह-जगह कचरे का ढेर लग गया है. सड़क सौंदर्यीकरण कार्य के तहत सड़क के दोनों छोर पर नाला निर्माण कार्य को पूरा नहीं किये जाने से बरसात में सड़क पर पानी व कीचड़ जमा हो जाता है. बाजार में पैदल चलना भी दूभर हो जाता है. वहीं, चतरो बजरंग मोड़ स्थित वाहन स्टैंड में सुविधाओं का अभाव है. शौचालय व यूरिनल तक की व्यवस्था नहीं है.सड़क के चौड़ीकरण के बाद भी लगता है जाम : सड़क चौड़ीकरण कार्य के बाद भी चतरो बाजार में जाम की समस्या आम है. स्थानीय लोगों के अनुसार मुताबिक सड़क के किनारे बने नाले के अतिक्रमण से यह समस्या है. कई दुकानदार नाले के पार सड़क पर दुकान का सामान रख देते हैं. सब्जी की दुकानें नाले पर सजती हैं. नाला के किनारे लोग खड़े होकर खरीदारी करते हैं. लोग बाइक व चार पहिया वाहन सड़क पर लगा देते हैं. इससे रोड जाम होता है.

पावर स्टेशन व टाउन फीडर का काम अधर में

चतरो में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए वर्ष 2018 में पावर स्टेशन निर्माण के लिए चतरो में भूमि चिह्नित किये जाने के बाद भी योजना को ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है. विद्युत विभाग के द्वारा चतरो में पावर सब स्टेशन के बनने तक चतरो व्यावसायिक मंडी को देवरी पावर सब स्टेशन के टाउन फीडर से जोड़ने का वादा किया था, लेकिन टाउन फीडर देवरी मुख्यालय से थाना मोड़ तक ही सिमटकर रह गया.

उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं

चतरो में स्थित सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में छह-सात हजार बच्चे पढ़ते हैं. यहां पर हाई स्कूल तक की शिक्षा की व्यवस्था है. कॉलेज की सुविधा नहीं रहने की वजह से उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे प्रखंड व जिला जाना पड़ता है. ग्रामीणों के मुताबिक काफी संख्या में बच्चे 10वीं या 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं.

नल जल योजना पूरी कराने का हो रहा प्रयास : मुखिया

चतरो के मुखिया अयोध्या हाजरा ने कहा कि घरों तक नल से जल पहुंचाने की योजना पूरी किये जाने का प्रयास किया जा रहा है. बाजार में लगी स्ट्रीट लाइट को चालू करवाने व बिजली की समस्या को दूर करने के लिए वह प्रयासरत हैं. कॉलेज स्थापित करने की भी पहल की जायेगी. चतरो बाजार में नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola