Giridih News :सुरक्षा की रही चौक-चौबंद व्यवस्था, डीआईजी, डीसी व एसपी लेते रहे जायजा
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 27 Mar 2026 11:37 PM
जिलेभर में रामनवमी का पर्व शांति व सौहार्द के साथ संपन्न हो गया. पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी. शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी थी, ताकि अप्रिय घटना को रोका जा सके. पर्व के दौरान पुलिस लगातार गश्त करती रही.
शुक्रवार की अलसुबह करीब चार बजे से ही शहर के बड़ा चौक में रौनक बढ़ने लगी. शहरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों से अखाड़ा दल अपने-अपने जुलूस के साथ बड़ा चौक पहुंचने लगे. इस दौरान बड़ा चौक पूरी तरह श्रद्धालुओं और अखाड़ा खिलाड़ियों से खचाखच भरा नजर आया. प्रशासन ने बड़ा चौक और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. शहर के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों को सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे. कैमरों से कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही थी. इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिये भी अखाड़ा जुलूसों पर नजर रखी जा रही थी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन भी तैनात थी. बड़ा चौक पहुंचने के बाद विभिन्न अखाड़ा दलों ने हैरतअंगेज करतब दिखाये.
बड़ा चौक के मंच पर उपस्थित रहे वरीय अधिकारी
बड़ा चौक पर जिला प्रशासन ने विशेष मंच बनाया था. यहां डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. वरीय अधिकारी मंच से अखाड़ा जुलूस की गतिविधि पर लगातार नजर रखे हुए थे. डीसी और एसपी अखाड़ा जुलूस की आवाजाही, भीड़ की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पल-पल की मॉनिटरिंग करते रहे. बता दें कि शहर के साथ-साथ मुफस्सिल क्षेत्र के सिहोडीह, पांडेयडीह, मंगरोडीह, सेंट्रलपिट, झरियागादी समेत अन्य इलाकों का अखाड़ा जुलूस बड़ा चौक पहुंचता है. एक ही स्थान पर कई जुलूसों के पहुंचने के कारण यहां श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ी. भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था अधिक मजबूत बनाये रखने के लिए पद्म चौक से लेकर बड़ा चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर बैरिकेडिंग की गयी थी. साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों मौजूद थे. पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था.
अधिकारी लेते रहे पल-पल की रिपोर्ट
शहर के अलावा जिले के सबसे अधिक संवेदनशील इलाकों की स्थिति पर भी विशेष नजर रखी जा रही थी. कंट्रोल रूप में इधर, कंट्रोल रूप से भी डीआइजी अश्विनी कुमार समेत डीसी व एसपी मॉनिटरिंग करते रहे. डुमरी, बगोदर, बिरनी समेत जिलेभर के सभी चिह्नित संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों से पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही थी. संबंधित एसडीओ, एसडीपीओ, थाना प्रभारियों और तैनात दंडाधिकारियों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा था. किसी भी जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल और थाना स्तर तक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा, जिसका असर यह रहा कि जिलेभर में अखाड़ा जुलूस और धार्मिक आयोजन शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










