पीएम श्री विद्यालय के अतिरिक्त भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप
निर्माणाधीन स्कूल भवन | Prabhat Khabar Network
प्रतापपुर के पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में बन रहे अतिरिक्त भवनों में अनियमितता के आरोप लगे हैं. स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटिया सामग्री और मानकों के उल्लंघन का दावा करते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है.
पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, प्रतापपुर में बन रहे अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय परिसर में दो अतिरिक्त भवनों का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य को लेकर कई लोगों ने गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाये हैं.
प्राक्कलन बोर्ड नहीं लगाने का आरोप
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि निर्माण स्थल पर प्राक्कलन (स्टीमेट) बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे लोगों को परियोजना की लागत और मानकों की जानकारी नहीं मिल पा रही है. उनका आरोप है कि संवेदक बिना आवश्यक जानकारी सार्वजनिक किये निर्माण कार्य करा रहा है.
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भवन निर्माण में स्थानीय बालू और अन्य सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसकी गुणवत्ता की जांच आवश्यक है. उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आंदोलन की चेतावनी
सामाजिक कार्यकर्ता मो. ताहिर, नाजिर हुसैन, मो. सुलेमान और झामुमो नेता मो. शमीम सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया तो 15 अगस्त के बाद ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जायेगा. आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जायेगा.
विभाग ने आरोपों को किया खारिज
शिक्षा विभाग के कनीय अभियंता (जेई) रिझू मरांडी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विद्यालय भवन का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की त्रुटि पायी जाती है या ग्रामीणों को कोई शिकायत है तो इसकी जानकारी विभाग को दी जाये. जांच के बाद आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









