Giridih News :छात्रा की मौत के मामले में पुलिस को नहीं मिला हत्या का कोई सुराग

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 06 Jun 2026 10:12 PM

विज्ञापन

Giridih News :मुफस्सिल थाना क्षेत्र सिरसिया की 16 वर्षीया छात्रा पायल कुमारी की मौत के मामले में पुलिस को जितनी जानकारियां मिली है, उससे आत्महत्या के ही संकेत मिल रहे हैं. जांच में अब तक हत्या की कोई सुराग पुलिस को हाथ नहीं लगा है.

विज्ञापन

हालांकि, पुलिस ने जांच को तेज कर दिया है और पूरे मामले का शीघ्र उद्भेदन कर लेने का दावा भी कर रही है. बता दें कि 18 मई को पायल अपने घर से पढ़ने और सिलाई सीखने के लिए निकली थी, पर वापस घर नहीं पहुंची और 20 मई को उसकी शव उसरी नदी से बरामद की गयी. इस मामले को लेकर पायल के परिजनों और शुभचिंतकों ने हत्यारे को सजा देने और मामले का उद्भेदन करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया. पायल के पिता जागेश्वर दास का आरोप है कि उसकी बेटी की झड़प कालीबाड़ी चौक के पास एक लड़के से हुई थी और उस लड़के ने पायल को धमकी भी दी थी.

उसरी नदी पुल के पास पानी में उतरने का मिला फुटेज

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कई लोगों से पूछताछ की है. पूछताछ के बाद हर उस रास्ते को पुलिस ने खंगालने का प्रयास किया, जिस रास्ते से होकर वह उसरी नदी पहुंची. रास्ते में कई जगह कैमरे लगे हुए हैं, जिसका फुटेज पुलिस ने संग्रह किया और उसकी जांच भी की. पुलिस हर कड़ी को जोड़कर मामले का उद्भेदन का प्रयास कर रही है. जांच में यह बात सामने आयी है कि पायल गिरिडीह प्रखंड कार्यालय परिसर के अंदर स्थित एक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई सीखने गयी थी. लगभग 1.44 बजे वह प्रशिक्षण केंद्र से निकली और फिर पटेल नगर की ओर मुड़ गयी. पुन: कबीर आश्रम के पीछे के गली का उपयोग करते हुए वह मुख्य मार्ग में आ गयी और वहां से उसरी नदी पुल के दूसरे छोर में पहुंच गयी. वहां उसने एक रेलिंग पर चढ़कर छलांग लगाने की भी कोशिश की, लेकिन फिर वापस लौट गयी. इस बार वह सिहोडीह की ओर से उसरी नदी पुल के किनारे से नदी में उतर गयी. यहां तक का फुटेज पुलिस को हाथ लगा है. बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस को पानी में तैरता हुआ पायल का शव मिला है.

मरने से पहले पायल ने सात बार एक सहेली से और दो बार परिजनों से की थी बात

पुलिस ने पायल के मोबाइल का सीडीआर निकाला है. उसके सीडीआर के अध्ययन से यह जानकारी मिली है कि पायल ने दो सहेलियों और एक शिक्षिका के साथ-साथ अपने परिजनों से भी बात की थी. एक करीबी सहेली से उसने सात बार बात किया था. जबकि अपने मां से दो बार बात की थी. दो बजे घर नहीं पहुंचने पर पायल की मां ने फोन किया था और देर होने के कारणों पर बातचीत कर रही थी. साथ ही जल्द आने को भी कहा. इसके अलावे अपने एक करीबी सहेली से उसने सात बार बात किया. पुलिस को उस सहेली का ह्वाट्स एप चैट भी हासिल हुआ है जो उसने अपने एक अन्य सहेली को लिखा था और यह बताया था कि वह पायल को नहीं बचा सकी. साथ ही पुलिस को ऐसा कोई संदिग्ध व्यक्ति का फोन डिटेल्स नहीं मिला जिससे यह कहा जा सके कि किसी ने पायल को नदी में बुलाया हो. फिलहाल यह बताया जा रहा है कि वह स्वेच्छा से नदी तक पहुंची थी.

नदी की गहराई और पानी के लेबल की हुई मापी

इधर जांच में उठ रहे हर तरह के सवालों का जवाब ढूंढने में पुलिस लगी हुई है. शव बरामद होने के बाद आशंका जाहिर की जा रही थी कि उसकी हत्या कर दी गयी. घटना के बाद सवाल उठ रहा था कि इतने कम पानी में पायल की मौत कैसे हो सकती है. इस मामले को और स्पष्ट करने के लिए मुफस्सिल थाना की पुलिस ने नदी में दो जवानों को उतारा और नदी की गहरायी की मापी. साथ ही नदी में पानी के लेबल भी देखा. बताया जा रहा है कि नदी के कुछ हिस्से में पानी का लेबल साढ़े छह फीट तक था और साढ़े छह फीट पानी में डूबने से किसी की भी मौत हो सकती है.

पोस्टमार्टम में एक्सटर्नल और इंटर्नल इंज्यूरी नॉट फाउंड

पुलिस ने शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया था. धनबाद में पोस्टमार्टम हुआ और एफएसएल की टीम ने भी स्वाब आदि लेकर जांच के लिए रांची भेजा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गयी है. बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसा कोई तथ्य या साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे हत्या की ओर भी संकेत कर रहा हो. रिपोर्ट में बताया गया है कि पायल के शरीर में किसी भी तरह का एक्सटर्नल या इंटर्नल इंज्यूरी नहीं मिला है. साथ ही मौत के कारणों में स्पष्ट किया गया है कि उसकी मौत पानी में डूबने से हुई है. इधर, एसडीपीओ जीतबाहन उरांव का कहना है कि पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच की है. हत्या और आत्महत्या दोनों घटना मानते हुए जांच की जा रही है. बताया कि शीघ्र ही इस मामले का खुलासा कर दिया जायेगा.

(राकेश सिन्हा, गिरिडीह)B

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola