बेंगाबाद में वार्ड सदस्य ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
भोजदाहा गांव के वार्ड सदस्य मो शाहिद अंसारी ने बुधवार अलसुबह फांसी लगाकर जान दे दी. अंदर से बंद कमरे में उनका शव पंखे से लटका मिला. परिजनों और पुलिस के लिए यह घटना गहरा सदमा है, जिसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.
कर्णपुरा पंचायत के भोजदाहा गांव निवासी वार्ड सदस्य मो शाहिद अंसारी (45) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बुधवार की अलसुबह बंद कमरे में उनका शव पंखे के हुक से गमछे के सहारे लटका मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह शाहिद अंसारी का कमरा अंदर से बंद था. काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. परिजनों ने पहले कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया. कोई हरकत नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गयी.
सूचना पर एसआई जगन्नाथ पान पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां शाहिद अंसारी फांसी के फंदे से लटके मिले. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने गये थे
बताया जाता है कि मंगलवार रात शाहिद अंसारी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गये थे. उनकी पत्नी और तीनों बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे. सुबह कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर परिजनों ने उन्हें आवाज लगायी. कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
ट्रैक्टर और जेसीबी का करते थे संचालन
शाहिद अंसारी कर्णपुरा पंचायत के वार्ड नंबर नौ के वार्ड सदस्य थे. बताया जाता है कि वह ट्रैक्टर और जेसीबी वाहन का संचालन भी करते थे. पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









