Giridih News :शाम के बाद राजकीय बुनियादी विद्यालय में लगता है असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

Updated:
विज्ञापन
Giridih News :शाम के बाद राजकीय बुनियादी विद्यालय में लगता है असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

Giridih News :बगोदर प्रखंड के ऐसे कई विद्यालय हैं, जहां चहारदीवारी नहीं है. इसके अभाव में शाम ढलने के बाद स्कूल कैंपस में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है. ऐसे लोग शराब पीकर शीशी-बोतल कैंपस में फेंक देते हैं. सुबह में स्कूल पहुंचने पर बच्चों का बोतल उठाकर फेंकनी पड़ती है. यह एक दिन की बात नहीं है, बल्कि प्रतिदिन देखने को मिलता है.

विज्ञापन

यही हाल बगोदर बाजार स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का है. यह विद्यालय एक समय शिक्षा के क्षेत्र में रीढ़ माना जाता था, लेकिन चहारदीवारी नहीं होने से एक ओर जहां विद्यालय के कुछ जमीन अतिक्रमण की जद में है, वहीं दूसरी ओर इस कैंपस में हर दिन शराबियों और जुआरियों का अड्डा बन जाता है. शुक्रवार को रामनवमी के कारण स्कूल बंद था. शनिवार को जब स्कूल खुला, तो विद्यालय में पहुंचने वाले बच्चों को शराब की बोतल और ग्लास मिला. बच्चों के साथ शिक्षक भी इसे हटाते देखे गये.

बगोदर थाना से दौ सौ मीटर की दूरी पर है स्कूल

यह विद्यालय बगोदर थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर है. आये दिन विद्यालय में शराबियों का अड्डा होने से छात्राओं को काफी परेशानी होती है. चहारदीवारी नहीं होने से विद्यालय चारागाह बन जाता है. शिक्षक नरेश ठाकुर का कहना है कि चहारदीवारी के अभाव में स्कूल में छुट्टी के बाद यहां शराबी और जुआरी जुटते हैं. इसकी सूचना कई बार विभाग को दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई है. इस समस्या पर ना तो अधिकारियों और ना ही जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं है. अभिभावक स्कूल अड्डाबाजी के कारण बच्चों को भेजने में आनाकानी करते हैं. शिक्षक-शिक्षिकाओं को पढ़ाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

स्कूल की जमीन का हुआ अतिक्रमण

इतना ही नहीं विद्यालय की जमीन का भी अतिक्रमण लगातार जारी है. इससे यह पता ही नहीं चल पाता है कि स्कूल कहां है. जबकि, यह विद्यालय जीटी रोड से सटा हुआ है. इसी कैंपस के बगल में महिला प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय (डायट) है. जिसकी अपनी चहारदीवारी है और वह सुरक्षित है. लेकिन, इस स्कूल पर किसी का ध्यान नहीं है. शिक्षकों ने तत्काल विद्यालय में चहारदीवारी बनाने की मांग की, ताकि इसके अस्तित्व को बचाया जा सके.

जिला को भेजी गयी है सूची : बीइइओ

बीइइओ रंजीत चौधरी ने कहा कि वैसे सभी विद्यालयों की सूची जिला को भेजी गयी है, जहां चहारदीवारी नहीं है. जल्द ही इस पर पहल होगी और चहारदीवारी का निर्माण करवाया जायेगा.

विज्ञापन
Pradeep Kumar

लेखक के बारे में

By Pradeep Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola