Giridih News :गिरिडीह के खिलाड़ियों को मिलेगी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 28 May 2026 10:42 PM

विज्ञापन

गिरिडीह के खिलाड़ियों को जल्द आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात मिलने वाली है. करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से डीसी कार्यालय के समीप पपरवाटांड़ में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जायेगा.

विज्ञापन

झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा खेल-कूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर इस योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. इसमें फुटबॉल, कबड्डी व खो-खो ग्राउंड, वॉलीबॉल कोर्ट सहित खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधा होगी.

निविदा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार

इस महत्वाकांक्षी योजना का डिजाइन तैयार हो चुका है और प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गयी है. अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है. करीब 15.10 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बहुउद्देशीय होगा. यहां इंडोर और आउटडोर दोनों प्रकार के खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. परिसर में फुटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक, वॉलीबॉल कोर्ट, कबड्डी एवं खो-खो मैदान के साथ मल्टीपरपस इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण किया जायेगा. इसके अलावा बालक एवं बालिकाओं हेतु 50-50 बेड वाले हॉस्टल तथा प्रशासनिक भवन भी बनाये जायेंगे.

तीन चरणों में होगा काम पूरा

जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे. निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किया जायेगा. इधर, स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का कहना है कि बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में अब तक खिलाड़ियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिलेगा और गिरिडीह खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकेगा. खेल प्रेमी मो आसिफ, मो रिजवान, नीरज कुमार, दिलीप रजक, सुरेंद्र कुमार ने मंत्री श्री सोनू का आभार जताया है.

गिरिडीह की नयी पहचान दिलाने में अहम : मंत्री

खेल-कूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि खिलाड़ियों की लंबे समय से मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. उन्होंने भरोसा जताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस यह कॉम्प्लेक्स गिरिडीह और झारखंड के खिलाड़ियों को नयी पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभायेगा.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola