Giridih News: ट्रक चालक ने बाइक को धक्का मारा, बाइक मालिक ने रोका, तो ट्रक बैक करके बाइक को रौंदा

Updated:
विज्ञापन
Giridih News: ट्रक चालक ने बाइक को धक्का मारा, बाइक मालिक ने रोका, तो ट्रक बैक करके बाइक को रौंदा

Giridih News: बेंगाबाद चौक में मंगलवार की देर शाम को दुकान के बाहर खड़ी एक बाइक को ट्रक ने रौंद दिया. इससे बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी. अच्छा रहा कि इस दौरान बाइक पर कोई सवार नहीं था. घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को बेंगाबाद पुलिस ने छोटकी खरगडीहा में पकड़ा. इसे जब्त करते हुए चालक को थाना ले आयी.

विज्ञापन

बाइक क्षतिग्रस्त हो जाने से बाइक मालिक काफी परेशान है. बताया जाता है कि बेंगाबाद चौक पर एक दुकान के सामने बाइक खड़ी कर रातडीह निवासी गुल्टन मंडल कुछ सामान खरीद रहा था. इसी दौरान मधुपुर से चतरो की ओर जा रही एक ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया.

ट्रक चालक के साथ हुई हाथापई भी

बाइक को रौंदकर भाग रहे ट्रक को बाइक चालक ने चौक पर ही रोक दिया. इस दौरान ट्रक चालक के साथ हाथापाई भी हुई. इसके बाद भड़के ट्रक चालक ने पुनः ट्रक को पीछे किया और गिरी हुई बाईक को पूरी तरह से रौंद दिया. इसके बाद तेजी से छोटकी खरगडीहा की ओर भाग निकला. बाइक चालक ने इसकी जानकारी बेंगाबाद पुलिस को दी. सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह जवानों के साथ उक्त ट्रक का पीछा करने लगे.

ट्रक खड़ी कर टहलने लगा, पुलिस से बोला- चालक भाग गया

मौका देख चालक ने ट्रक को छोटकी खरगडीहा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर नीचे उतर गया. नीचे उतरकर घूम रहे उक्त ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि अभी-अभी चालक ट्रक को खड़ा कर भाग गया है. लेकिन थाना प्रभारी की सक्रियता से पुलिस को गुमराह कर रहे उक्त चालक को पकड़ लिया और थाना ले आयी. इधर दोनों पक्षों के बीच थाना में बुधवार को वार्ता का दौर चल रहा था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Mayank Tiwari

लेखक के बारे में

By Mayank Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola