Giridih News: बालू लदे ट्रैक्टर ने सीओ की गाड़ी में मारी टक्कर, डाला छोड़ इंजन लेकर भागा
Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 19 Mar 2025 11:36 PM
Giridih News: तिसरी थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ में बुधवार को एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद के वाहन में धक्का मार कर फरार हो गया. घटना में सीओ बाल-बाल बचे. सूचना पर जब तक पुलिस पहुंचती, ट्रैक्टर चालक भाग चुका था. बताया जाता है कि भागने के क्रम में आगे जाकर चालक ने डाला पलट दिया और इंजन लेकर चला गया.
सीओ अपने सरकारी वाहन से बुधवार की शाम भंडारी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान भंडारी गांव की ओर से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर आते दिखा. सीओ ने वाहन के अंदर से ही ट्रैक्टर चालक को रुकने का इशारा किया. चालक ट्रैक्टर को रोकने की जगह सीओ के वाहन में टक्कर मारकर भाग गया. सीओ ने बीडीओ मनीष कुमार व तिसरी पुलिस को इसकी जानकारी दी. जानकारी मिलते ही बीडीओ पुलिस व प्रमुख राजकुमार यादव के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. सीओ ने घटना की शिकायत तिसरी थाना में की है. शिकायत के आधार पर पुलिस ट्रैक्टर चालक व मालिक को चिह्नित कर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है. बताते चलें कि इन दिनों तिसरी क्षेत्र में बालू माफिया काफी सक्रिय हैं. भंडारी और गावां के नदी घाट से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर बालू उठाया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










