Giridih News :डुमरी में सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत, मां-बेटी घायल
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 06 Jun 2026 10:01 PM
Giridih News :डुमरी-गिरिडीह पथ पर पिपराडीह के समीप शनिवार को दो कार व बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गयी. वहीं, महिला और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. दोनों कारों में टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार सड़क पर पलट गयी.
मिली जानकारी के अनुसार खाखीकाला निवासी अब्बू हयात (40) अपने परिवार के साथ बाइक से बेरगी जा रहे थे. बाइक पर उनकी पत्नी रूबीना खातून (34), पुत्र अमीनुल (6) व पुत्री अलीना परवीन (8) सवार थे. इसी दौरान पिपराडीह के पास एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया. इधर, पीछे से आ रही कार आगे वाली कार से टकरा गयी. टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. दुर्घटना में बाइक सवार परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अब्बू हयात और रूबीना खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. धनबाद ले जाने के दौरान अब्बू ने भी दम तोड़ दिया.
विरोध में सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतकों का शव डुमरी-गिरिडीह सड़क पर रखकर जाम कर दिया. सूचना मिलते ही डुमरी एसडीओ संतोष कुमार, एसडीपीओ आबिद खान, सीओ शशिभूषण वर्मा व डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया. एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ. सीओ ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृत पिता-पुत्र के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने पर सहमति बनी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










