Giridih News: फर्जी कृषि पदाधिकारियों ने 50 से अधिक किसानों से ठगे लाखों रुपये

Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 21 Jan 2026 2:08 AM

विज्ञापन

Giridih News: सिंचाई पंप दिलाने के नाम पर किसानों से ठगी करनेवाले तीन शातिर ठगों की गिरफ्तारी के बाद नगर थाना पुलिस की पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आयी हैं. पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था. न केवल गिरिडीह मुख्यालय, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों के किसानों को भी यह गिरोह अपना निशाना बनाता था और सरकारी योजनाओं का नाम लेकर उन्हें जाल में फंसाता था.

विज्ञापन

गिरफ्तार ठग सुनील वर्मा, रणजीत वर्मा और धर्मेंद्र वर्मा ने अब तक लगभग 50 किसानों से ठगी की है. पहले की तरह ही ये ठग कृषि विभाग के आवेदनकर्ताओं का डेटा हासिल करते और खुद को विभाग का अधिकारी या कर्मी बताकर किसानों को भरोसा दिलाते. इसके बाद उन्हें पंप लेने के बहाने गिरिडीह शहर बुलाया जाता और वहां नकद या ऑनलाइन पैसे ऐंठ लिये जाते थे. ठग एसपी आवास के पास मिलने का स्थान चुनते थे, ताकि सरकारी माहौल दिखाकर किसानों का भरोसा आसानी से जीता जा सके. किसानों को जीएसटी के साथ या बिना जीएसटी के पंप लेने का विकल्प देकर ठगी की जाती थी. सीमित आमदनी वाले किसान सस्ते विकल्प को चुनते और ठग उनके पैसे लेकर मौके से फरार हो जाते थे. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ठगों के मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त कर सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

प्राथमिकी दर्ज कर जुटा रहे पुख्ता साक्ष्य : थाना प्रभारी

पूरे मामले में नगर थाना प्रभारी ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि तीनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उनसे लगातार गहन पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ रही हैं, जिसके आधार पर मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाये जा रहे हैं. बताया कि पुलिस पता लगाने में जुटी है कि ठगी की इस वारदात में और कितने लोग शामिल हैं तथा अब तक कितने किसानों को निशाना बनाया गया है. आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. कहा कि फिलहाल पूछताछ की प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola