Giridih News: आग लगने से तीन भाइयों के घर में रखी संपत्ति जलकर राख

Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 02 Apr 2025 11:57 PM

विज्ञापन

Giridih News: देवरी प्रखंड अंतर्गत असको पंचायत के तपसीडीह गांव में बुधवार की सुबह नौ बजे आग लग गयी. इसकी चपेट में आने से एक- एक कर तीन भाइयों के मकान में रखे नकदी, कपड़ा, लकड़ी, अनाज समेत हजारों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी.

विज्ञापन

भुक्तभोगी छोटू महथा, दशरथ महथा और बुनेल महथा ने बताया कि गांव के हनुमान मंदिर प्रांगण में वसंती नवरात्र का अनुष्ठान चल रहा है. रोज की तरह परिवार के सभी सदस्य उक्त नवरात्र अनुष्ठान को लेकर मंदिर गये थे. करीब नौ बजे सुबह खपरैल के मकान से आग और धुआं निकलने की सूचना मिली. परिवार के सदस्यों समेत आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचकर आग को बुझाने में जुट गये.

पहले दशरथ महथा के घर में लगी आग

बताया कि सबसे पहले दशरथ महथा के घर में आग लगी. घर में बिचाली रहने के कारण आग भड़क गयी. घर के छप्पर को जलाते हुए छोटू महथा व बुनेल महथा के खपरैल मकान को आग ने अपनी जद में ले लिया. कुआं में डीजल पंप सेट मोटर लगाकर लोग आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे. असफल रहने पर प्रशासन और खोरीमहुआ अनुमंडल में तैनात दमकल को बुलाया गया. दमकल कर्मियों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया.

तीनों की मिलाकर करीब 4.5 लाख की संपत्ति जली

पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि आगजनी की घटना से तीनों भाइयों के करीब 50 हजार रुपये नकदी समेत कपड़ा, लकड़ी, बिचाली, खपरैल, छप्पर, अनाज, जमीन के कागजात, व अन्य जरूरी सामग्री समेत कुल 4.5 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी. इसमें छोटू महथा की दो लाख, बुनेल महथा की दो लाख और दशरथ महथा को 50 हजार की संपति का नुकसान हुआ है.

मुआवजा दिलाने की उठायी मांग

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद असको पंचायत की पूर्व प्रमुख सुमित्रा देवी, कांग्रेसी नेता अनिल चौधरी, मुखिया पति नकुल महथा, वार्ड सदस्य अनीता समेत अन्य प्रतिनिधियों व सामाजिक लोगों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता व मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola