ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में हंगामा, स्थानीय युवाओं ने लगाया भेदभाव का आरोप
हंगामे के बाद पहुंची बीडीओ | Prabhat Khabar Network
गांडेय में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर के दौरान मनमानी को लेकर युवाओं ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। जानें पूरी खबर।
गांडेय प्रखंड परिसर में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर गुरुवार को हंगामे के बीच संपन्न हुआ. शिविर के दूसरे दिन स्थानीय युवाओं को दरकिनार कर दूसरे प्रखंडों से आये आवेदकों को प्राथमिकता देने की सूचना पर विवाद बढ़ गया. नाराज आवेदकों ने शिविर में मौजूद टीम के खिलाफ प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर गांडेय पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया.
स्थानीय युवाओं ने लगाया दोहरी नीति का आरोप
स्थानीय युवाओं का आरोप था कि गांडेय प्रखंड के आवेदकों का आवेदन लेने के दौरान विभिन्न नियमों और तकनीकी अड़चनों का हवाला देकर उन्हें वापस लौटाया जा रहा था, जबकि दूसरे प्रखंडों से आये युवकों के लाइसेंस आसानी से बनाये जा रहे थे. इसे लेकर आवेदकों में नाराजगी बढ़ गयी और उन्होंने शिविर में हंगामा शुरू कर दिया.
प्रमुख ने कर्मियों पर लगाया मनमानी का आरोप
मामले की जानकारी मिलने पर प्रखंड प्रमुख भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने डीटीओ कार्यालय के कर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया. प्रमुख ने कहा कि स्थानीय युवाओं के आवेदन में अनावश्यक अड़चनें पैदा की जा रही थीं. उन्होंने इस संबंध में बीडीओ के समक्ष भी आवेदकों की शिकायतें रखीं.
व्यवस्था में सुधार का दिया आश्वासन
शिविर की प्रभारी नगमा जरीन ने लाइसेंस के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने आवेदकों को व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया. उन्होंने बताया कि शिविर के दूसरे दिन कुल 148 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 121 आवेदक उत्तीर्ण हुए.
शिविर में मोटरयान निरीक्षक इरफान अहमद, सड़क सुरक्षा प्रबंधक वाजिद हसन, राजन, कृति, साकेत भारतीय, किशोर कुमार दास समेत अन्य कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









