खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में चोरी, नगद और आभूषण समेत तीन लाख की संपत्ति ले उड़े चोर
AI Image
गणेशडीह गांव में बुधवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया. खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में घुसे और नकदी, जेवर व कीमती सिक्के लेकर फरार हो गए. पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
छोटकी खरगडीहा पंचायत के गणेशडीह गांव में चोरों ने बुधवार की रात एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना की जानकारी गृहस्वामी सलामत अंसारी को गुरुवार की सुबह हुई. पीड़ित ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर
सलामत अंसारी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि बुधवार की रात खाना खाने के बाद वह परिवार के साथ घर में सो गये थे. सुबह उठने पर देखा कि घर की खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ है. घर के अंदर जांच करने पर बक्से में रखे सामान गायब मिले.
नकदी समेत जेवर और सिक्के चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर बक्से में रखे 55 हजार रुपये नकद के अलावा चांदी की सिकड़ी, छह चूड़ियां, हंसुली, चंद्रहार और सोने के कर्णफूल ले गये. इसके अलावा उनके पिता को सीसीएल से सेवानिवृत्ति के दौरान मिले चांदी और सोने के सिक्के भी चोरी हो गये. पीड़ित ने चोरी गये सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बतायी है.
झाड़ी में मिला टूटा हुआ बक्सा
घटना के बाद परिजनों ने आसपास छानबीन की. इस दौरान घर से करीब दो सौ मीटर दूर एक झाड़ी में टूटा हुआ बक्सा मिला. आशंका है कि चोर सामान निकालने के बाद बक्से को वहां फेंककर फरार हो गये.
आवेदन मिलने के बाद बेंगाबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी छानबीन कर चोरों का सुराग तलाश रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









