Giridih News :ग्रामीणों की शिकायत पर डीसी ने किया तालाबों का किया निरीक्षण

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 06 Jun 2026 10:44 PM

विज्ञापन

Giridih News :डीसी रामनिवास यादव ने शनिवार को देवरी के मानिकबाद पंचायत अंतर्गत लबनिया गांव स्थित बड़का आहर का निरीक्षण किया. इस क्रम में उन्होंने सर्वे नक्शा का अवलोकन करते हुए तालाब की भौगोलिक स्थित का जायजा लिया.

विज्ञापन

इसके बाद लघु सिंचाई विभाग के द्वारा स्वीकृत इस तालाब का जीर्णोद्धार कार्य करने से ग्रामीण व रैयतों को होनेवाली समस्या की जानकारी ली और निष्पादन करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया.

तालाब की मेढ पर बैठकर सुनी किसानों की समस्या

तालाब का निरीक्षण के बाद डीसी ने तालाब की मेढ पर बैठक कर ग्रामीणों की समस्या सुनी. ग्रामीणों ने बताया कि बड़का आहर से करीब 150 मीटर ऊपर एक तालाब पूर्व से है. इससे सिंचाई सहित सभी कार्य के लिए पानी उपलब्ध हो जाता है. बड़का आहर से सौ मीटर नीचे भी एक तालाब बना हुआ है. दोनों तालाब के बीच बड़का आहर है, जहां पर लबनियां, मानिकबाद, भूचरोबाद समेत अन्य गांव लोगों के खेत हैं. इसी तालाब में उपरोक्त गांव के लोगों का छठ व श्मशान घाट है. सिंचाई विभाग ने मिट्टी काट दिया है. इससे बरसात में उपजाऊ जमीन पानी में डूब जाएगी तथा श्मशान व छठ घाट का अस्तित्व समाप्त हो जायेगा. वहीं, जमुआ प्रखंड के सूरजा गांव स्थित दसौंधी आहर के जीर्णोद्धार कार्य में संवेदक के द्वारा मानक की अनदेखी किये जाने व तालाब में बने घाट को तोड़ ने की शिकायत ग्रामीणों ने की. ग्रामीणों की शिकायत पर डीसी ने दसौंधी आहर का निरीक्षण किया.

मामले की समीक्षा कर लिया जायेगा निर्णय

तालाब के निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने कहा कि लबनिया गांव के तालाब की स्वीकृति से किसानों के तालाब के नीचे व ऊपर स्थित खेतों के डूबने की संभावना है. हालांकि, लघु सिंचाई विभाग के द्वारा खेत के नहीं डूबने की बात कही जा रही है. मामले की समीक्षा कर इसमें उचित निर्णय लिया जायेगा. सूरजा गांव में स्थित तालाब का भी जायजा लिया. इसमें कार्य अधूरा मिला. बरसात के पूर्व कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.

इनकी रही उपस्थिति

मौके पर खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी समीर खलको, देवरी के बीडीओ कुमार बंधु कच्छप, अंचल निरीक्षक पंकज कुमार, अमीन सुमित कुमार, राजस्व कर्मचारी अरविंद किरण, ग्रामीण रामानंद चौधरी, बमशंकर उपाध्याय, लालजीत चौधरी, कुणाल गौतम सागर, बहादुर चौधरी, महेश चौधरी, सुबोध चौधरी, प्रवीण वर्मा, रामचंद्र साहू, शंकर मंडल, नारायण दास, लालजीत दास, दुखन रविदास आदि मौजूद थे.

शिकायत पर डीसी ने मिर्जागंज के अंडा उत्पादन केंद्र का लिया जायजा

डीसी रामनिवास यादव ने शनिवार को मिर्जागंज बाजार में संचालित मुर्गी अंडा उत्पादन केंद्र का निरीक्षण किया. यह केंद्र यहां लंबे समय से चल रहा है. बाजार के कुछ लोग केंद्र से निकलने वाली दुर्गंध से परेशान थे. डीसी ने बताया कि बाजार के नवीन कुमार ने इसकी शिकायत की थी. इस मामले में पिछले माह जमुआ के सीओ से जांच प्रतिवेदन मांगा गया था. कहा कि क्षेत्र में प्रदूषण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. मुर्गी फार्म से निकलने वाली तेज दुर्गंध और कचरे के प्रबंधन को लेकर डीसी ने असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने संचालक को फटकार लगाते हुए कई निर्देश दिये. डीसी ने कहा कि मल-मूत्र और कचरे से निकलने वाली दुर्गंध को रोकने के लिए तत्काल वैज्ञानिक और उचित उपाय किये जायें, ताकि आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी न हो.

नियमित हो साफ-सफाई

डीसी ने कहा कि फार्म परिसर और उसके आसपास दैनिक रूप से मुस्तैदी के साथ साफ-सफाई करना सुनिश्चित करने की बात कही. संचालक से कहा कि कचरा व वेस्ट को खुले में फेंकने की जगह सही तरीके से डिस्पोज या डंप करें, ताकि पर्यावरण और स्थानीय स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर न पड़े. कहा कि यदि तय समय सीमा में निर्देशों का पालन नहीं किया, तो केंद्र के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. मौके परसीओ नरेश कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola