ePaper

Giridih News: कालीबाड़ी चौक में एक साथ तीन कपड़ा दुकानों में साढ़े छह लाख नगद व 20 चांदी के सिक्के चोरी

Updated at : 21 Jan 2026 2:11 AM (IST)
विज्ञापन
Giridih News: कालीबाड़ी चौक में एक साथ तीन कपड़ा दुकानों में साढ़े छह लाख नगद व 20 चांदी के सिक्के चोरी

Giridih News: गिरिडीह शहर के कालीबाड़ी चौक में सोमवार की देर रात चोरों ने एक के बाद एक तीन कपड़ा दुकानों से लाखों की चोरी कर ली. बेखौफ चोरों ने रातभर दुकानों में घुसकर उत्पात मचाया. इस वारदात के बाद शहर के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने कालीबाड़ी चौक स्थित गोविंद टेक्सटाइल, केके फैशन और आरसी ट्रेंड्स नामक कपड़ा दुकानों को निशाना बनाया. इसके अलावा पास ही स्थित श्री श्याम नामक दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया, हालांकि वहां चोर अपने मंसूबों में पूरी तरह सफल नहीं हो सके. बताया जाता है कि सुबह जब दुकानों के कर्मी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकानों के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी. इसी तरह अन्य दुकानों की स्थिति भी पायी गयी. इसके बाद दुकानदारों ने तुरंत नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना पर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान में जुट गई है. एक साथ कई दुकानों में चोरी की घटना से व्यवसायियों में गहरा आक्रोश है. घटना की जानकारी मिलने के बाद चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला भी मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की. जांच के क्रम में पुलिस के सामने एक और अहम तथ्य सामने आया है, जिससे पूरे मामले की गुत्थी और उलझ गई है. जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें से एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा ही नहीं था, जबकि शेष दो दुकानों के संचालकों ने शॉर्ट-सर्किट के भय से अपने-अपने सीसीटीवी कैमरे बंद कर रखे थे.

गोविंद टेक्सटाइल्स से पांच लाख, आरसी ट्रेंड्स से चांदी के सिक्के सहित लाखों की हुई चोरी

पीड़ित दुकानदारों से मिली जानकारी के अनुसार गोविंद टेक्सटाइल्स से चोर करीब पांच लाख रुपये नकद, केके फैशन से लगभग 90 हजार रुपये नकद और आरसी ट्रेंड्स से चोरों ने करीब 50 हजार रुपये नकद के साथ-साथ लगभग 20 पीस चांदी के सिक्के भी चोरी कर लिये हैं. चोरी गई कुल राशि और कीमती सामान की अनुमानित कीमत सात लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.

छत के रास्ते दुकानों में घुसे चोर

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि जिन दुकानों में चोरी हुई, उनके मुख्य द्वार पूरी तरह सुरक्षित हैं. कहीं भी ताला तोड़ने, शटर काटने या जबरन प्रवेश के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले. इससे साफ है कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. तीनों दुकानें आपस में सटी हैं. जब पुलिस की टीम दुकानों की छत पर पहुंची, तो वहां एक अहम सुराग मिला. पुलिस ने पाया कि छत की एक खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी. आशंका है कि चोर इसी रास्ते दुकानों में घुसे. हालांकि हैरान करने वाली बात यह है कि जिन दुकानों में चोरी हुई है, वह इमारत पांच से छह मंजिला है. इतनी ऊंचाई तक चोर किस तरह पहुंचे, उन्होंने किस साधन या रास्ते का इस्तेमाल किया, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है. पुलिस इस एंगल से आसपास की इमारतों, छतों, सीढ़ियों और संभावित मार्गों की बारीकी से जांच कर रही है.

कई लोगों को फिंगरप्रिंट मिलने की कही जा रही बात, पूरे इलाके का कॉल डंप निकाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की विशेष टीम भी मौके पर पहुंची और चोरी से प्रभावित सभी चारों दुकानों का गहन निरीक्षण किया. टीम ने दुकानों के भीतर मौजूद काउंटर, गल्ला, अलमारी, दरवाजे, खिड़की, शटर और अन्य संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान टीम को कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग हाथ लगे हैं. इनमें कई अलग-अलग व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट शामिल बताये जा रहे हैं. इन्हें सुरक्षित तरीके से सैंपल के रूप में एकत्र किया गया है. इसके अलावा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके का कॉल डंप निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है.

फिंगरप्रिंट जांच और विशेष टीम के साथ पुलिस करेगी चोरी का जल्द खुलासा : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी ने बताया कि चोरों ने काफी शातिर और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है. घटना स्थल पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम द्वारा गहन जांच की जा चुकी है. इसके साथ ही चोरों के इतनी ऊंचाई तक चढ़ने के तरीकों का भी पता लगाया जा रहा है. एक विशेष टीम भी बनायी जा रही है. सभी पहलुओं की जांच होगी. हमारी प्राथमिकता है कि इस मामले का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

MAYANK TIWARI is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola