Giridih News :43 केंद्रों में 15600 अभ्यर्थी देंगे जेपीएससी की परीक्षा

Published by :PRADEEP KUMAR
Published at :18 Apr 2026 10:36 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :43 केंद्रों में 15600 अभ्यर्थी देंगे जेपीएससी की परीक्षा

Giridih News :जेपीएससी की परीक्षा को ले गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिला के 43 केंद्रों में दो पालियों में 15600 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है.

विज्ञापन

परीक्षा को निष्पक्ष, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सदर एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है. सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त कर दिये गये हैं.

लगातार गश्त करेंगे उड़नदश्ता दल

निषेधाज्ञा रविवार 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रभावी रहेगी. आदेश के तहत जिला के सभी केंद्रों के बाहर 500 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी. उड़नदस्ता दल लगातार गश्त करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके. प्रशासन ने अफवाह फैलाने, कदाचार करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने निषेधाज्ञा के दौरान सख्त नियम लागू किये हैं. केंद्रों के बाहर 500 मीटर के दायरे में मोबाइल, ब्लूटूथ, हथियार अथवा किसी भी प्रकार के विस्फोटक सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी. केंद्रों के बाहर नारेबाजी, प्रदर्शन करने या भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं होगी. ऐसा करते पाये जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. एसडीएम ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाये रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. ट्रैफिक पुलिस को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने परीक्षार्थियों से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और अपने साथ पानी जरूर रखने की अपील की है.

एसडीओ एवं एसडीपीओ ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया

19 अप्रैल को आयोजित होनेवाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) की प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इस आलोक में शनिवार को डुमरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण एसडीओ डुमरी संतोष गुप्ता एवं एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने किया. इस परीक्षा के पीरटांड़ प्रखंड में दो तथा डुमरी प्रखंड में चार परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. इस दौरान एसडीओ श्री गुप्ता ने सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, स्वच्छता एवं सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया. प्रतिनियुक्त गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशानिर्देश दिये गये हैं. परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़-भाड़ को रोकने के लिए भी विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं.

अधिकारियों ने पीरटांड़ में केंद्रों का किया निरीक्षण

पीरटांड़ प्रखंड के प्लस टू उच्च विद्यालय कुम्हरलालो व प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पीरटांड़ में बने परीक्षा केंद्र का जायजा शनिवार को एडीओ संतोष गुप्ता व एसडीपीओ सुमित प्रसाद समेत अन्य अधिकारियों ने लिया. अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके. सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया. मौके पर सीओ ऋषिकेश मरांडी, इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola