ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करना सराहनीय पहल : मिथिलेश ठाकुर

गढ़वा प्रखंड के फरठिया गांव स्थित पुरवारा टोला के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय को एएनजी मैन पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने तीन वर्षों के लिए गोद लिया है
फरठिया के स्कूल को एएनजी मेन पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने गोद लिया बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा सुविधा गढ़वा. गढ़वा प्रखंड के फरठिया गांव स्थित पुरवारा टोला के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय को एएनजी मैन पावर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने तीन वर्षों के लिए गोद लिया है. इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है. विद्यालय को गोद लेने के बाद यहां सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा और आवश्यक आधारभूत संरचनाएं बहाल की जायेंगी. इस अवसर पर मंगलवार को विद्यालय में हस्तांतरण सह उदघाटन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर और कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर उदघाटन किया. पूर्व मंत्री ने कंपनी की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि गठन के मात्र एक वर्ष के भीतर ही कंपनी ने समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ पेयजल, पंखा, डेस्क-बेंच, पुस्तकें और खेल सामग्री जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना एक सराहनीय संकल्प है. कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत गांव के एक मजदूर, जिसे कार्य के दौरान चोट लगी थी, को पांच लाख रुपये का बीमा लाभ प्रदान किया. इसमें से एक लाख रुपये का चेक तत्काल पीड़ित परिवार को सौंपा गया. यह कदम कंपनी की संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नागेश गौड़ा ने बताया कि उनका पहला कार्य दल इसी गांव से गया था और वर्तमान में कंपनी के कर्मचारी नोएडा, गुड़गांव, चेन्नई सहित देश के कई औद्योगिक शहरों में कार्यरत हैं. अब तक तीन हजार से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है. ज्वाइंट जनरल मैनेजर अजीत जॉन बे ने बताया कि कंपनी में गढ़वा और आसपास के लगभग 30 प्रतिशत युवक कार्यरत हैं, जो गर्व की बात है. जनरल मैनेजर रामकृष्णन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा देना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




