SIR-2026 पर गढ़वा डीसी सख्त, घर-घर होगा मतदाता सत्यापन; बीएलओ लगाएंगे ‘फैमिली टुगेदर’ स्टीकर
एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीसी ने समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को घर-घर सत्यापन और त्रुटिरहित सूची तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वा: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने मंगलवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी और सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
घर-घर होगा मतदाता सूची का सत्यापन
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची के घर-घर जाकर सत्यापन कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सत्यापन के दौरान बीएलओ प्रत्येक घर पर ‘फैमिली टुगेदर’ स्टीकर लगाएंगे और संबंधित परिवार के गृह संख्या का मिलान करेंगे।
यदि सत्यापन के दौरान किसी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटा हुआ पाया जाता है, तो उससे प्रपत्र-6 और घोषणा पत्र प्राप्त किया जाएगा। वहीं, किसी मतदाता का नाम स्थानांतरित किया जाना है तो प्रपत्र-8 प्राप्त कर परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर पंजीकृत करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
भवनाथपुर से रिपोर्ट नहीं मिलने पर जतायी नाराजगी
बैठक में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से अपेक्षित रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जतायी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ को अपने-अपने क्षेत्रों में सहायक अधिकारियों के लिए पर्याप्त संख्या में पेशकार गठित करने को भी कहा गया। वहीं, बीएलओ पर्यवेक्षकों को अपने अधीनस्थ बीएलओ द्वारा तैयार किए गये गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत मिलान और सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
डुप्लीकेट और त्रुटिपूर्ण मतदाताओं को नोटिस
बैठक में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं, दोहरी प्रविष्टि (डीएसई) और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के मामलों पर भी चर्चा हुई। ऐसे मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए बुलाने का निर्देश दिया गया है।
इसके लिए अधिसूचित अधिकारियों को मतदान केंद्र आवंटित किए जा चुके हैं। सुनवाई के बाद अधिकारी नियमानुसार आदेश पारित करेंगे।
‘कोई योग्य नागरिक नहीं छूटे’ पर जोर
उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि “कोई भी योग्य नागरिक छूट न जाए और किसी भी अयोग्य व्यक्ति को शामिल न किया जाए” के संकल्प के साथ एसआईआर-2026 की प्रक्रिया पूरी की जाए।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









