बिजली ठीक करने छत पर गयीं पंचायत की मुखिया, तार की चपेट में आने से मौके पर मौत

Updated:
विज्ञापन

मुखिया संगीता देवी| Prabhat Khabar Network

गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड की झोतर पंचायत की मुखिया संगीता देवी की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घर में बिजली ठीक करने के दौरान हुआ बड़ा हादसा।

विज्ञापन

डंडई,गढ़वा: डंडई प्रखंड की झोतर पंचायत की मुखिया संगीता देवी (35), पति विष्णु यादव, की मंगलवार को बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गयी. घटना सुबह करीब 11 बजे की बतायी जा रही है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया.

घर की बिजली ठीक करने छत पर गयी थीं

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह संगीता देवी के घर में बिजली नहीं थी, जबकि आसपास के घरों में बिजली आपूर्ति चालू थी. घर की बिजली व्यवस्था में आयी खराबी को देखने के लिए वह छत पर गयी थीं. बताया गया कि बिजली के तार में कार्बन की समस्या दूर करने के प्रयास के दौरान वह तार की चपेट में आ गयीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.

घटना के समय छत पर परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. कुछ देर बाद परिजन छत पर पहुंचे तो संगीता देवी को बिजली के तार से सटा हुआ पाया. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गयी. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

पति गये थे देवघर, पीछे दो बेटियां

ग्रामीणों के अनुसार, संगीता देवी के पति विष्णु यादव सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए गये हुए हैं. इसी दौरान घर में यह हादसा हो गया. मृतका अपने पीछे 11 वर्षीय पुत्री अनुशिया कुमारी और तीन वर्षीय जया कुमारी को छोड़ गयी हैं. मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह भी पढ़ें : गढ़वा में 20 अगस्त को पीएम मोदी का पुतला फूंकेगा महागठबंधन

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

घटना की सूचना मिलते ही झोतर पंचायत सहित पूरे प्रखंड के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उनके घर पहुंचने लगे. बीडीओ देवलाल करमाली, रारो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार ठाकुर, झोतर पंचायत मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार चौधरी और उप प्रमुख प्रतिनिधि रामाशीष प्रसाद समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया.

बीडीओ देवलाल करमाली ने संगीता देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन की संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं.

पंचायत में सक्रिय थीं संगीता देवी

ग्रामीणों ने बताया कि संगीता देवी मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव की थीं तथा मुखिया के रूप में पंचायत के लोगों के बीच सक्रिय रहती थीं. उनके निधन की खबर से पंचायत क्षेत्र में शोक का माहौल है.

डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया बिजली करंट लगने से मौत की बात सामने आयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


विज्ञापन
Avinash Singh

लेखक के बारे में

By Avinash Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola