ePaper

कानून व्यवस्था संधारण में मददगार बनें सैलून संचालक : एसडीएम

Updated at : 24 Dec 2025 9:30 PM (IST)
विज्ञापन
कानून व्यवस्था संधारण में मददगार बनें सैलून संचालक : एसडीएम

कॉफी विद एसडीएम में सैलून संचालकों व हेयर ड्रेसरों का साथ संवाद

विज्ञापन

कॉफी विद एसडीएम में सैलून संचालकों व हेयर ड्रेसरों का साथ संवाद प्रतिनिधि गढ़वा कॉफी विद एसडीएम कार्यक्रम में बुधवार को अनुमंडल क्षेत्र के सैलून संचालकों व हेयर ड्रेसरों के साथ एसडीएम ने संवाद किया. इस कार्यक्रम में गढ़वा क्षेत्र के सैलून संचालकों एवं हेयर ड्रेसरों ने भाग लिया, जिनमें से अधिकांश सदस्य नाई समुदाय से थे. कार्यक्रम के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि नाई समुदाय सदियों से सामाजिक क्रियाकलापों का अभिन्न हिस्सा रहा है. उनका कार्य बाल कटाने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद, जनभावनाओं और स्थानीय गतिविधियों से सीधे जुड़ा रहता है. एसडीएम ने कहा कि हेयर सैलून ऐसे स्थान होते हैं, जहां समाज के हर वर्ग के लोग रोजाना आते-जाते हैं. ऐसे में सैलून संचालक समाज की नब्ज को समझते हैं और कई बार अनजाने में सामाजिक काउंसलर की भूमिका भी निभाते हैं. उन्होंने सैलून संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यस्थल को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक सोच का केंद्र बनायें. एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सैलून संचालक प्रतिदिन बड़ी संख्या में हर प्रकार के लोगों के संपर्क में रहते हैं. यदि उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलती है, तो वे निडर होकर प्रशासन को सूचित करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी. नाइयों व हेयर ड्रेसर ट्रेड से जुड़े युवाओं को मिले प्रशिक्षण बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एसडीएम के समक्ष कई समस्याएं रखीं और सुझाव भी दिये. इस दौरान मांग की गयी कि कौशल उन्नयन योजना के तहत नाइयों और हेयर ड्रेसर ट्रेड से जुड़े युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया जाये. इस दौरान नाइयों को इ-श्रम कार्ड मुहैया कराने का भी अनुरोध किया गया. साथ ही व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए सुलभ और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध भी सदस्यों ने किया. वहीं शिकायत के तौर पर ज्यादातर सदस्यों ने बताया कि नगर परिषद की दुकान आवंटन प्रक्रिया में धांधली हुई है इसलिए उन्हें दुकान नहीं मिल पायी. एसजीएम ने सभी की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया. बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सबसे बड़ा निवेश कार्यक्रम में एसडीएम ने सैलून संचालकों से अपने बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी के साथ यदि शिक्षा को जोड़ा जाये, तो आने वाली पीढ़ी बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकती है. सैलून संचालकों ने भी अपने अनुभव साझा किये और कॉफी विद एसडीएम मंच की सराहना की. इस दौरान विजय ठाकुर, गुप्तेश्वर ठाकुर, संजय ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, दीपक ठाकुर, मटुक बिहारी ठाकुर, उदय ठाकुर, विनोद ठाकुर, संजीव कुमार ठाकुर, गुलाब ठाकुर, आदित्य,गुप्तेश्वर ठाकुर, रमेश ठाकुर, मोनू ठाकुर, संतोष ठाकुर, नंदू ठाकुर, मनोज ठाकुर आदि ने अपने विचार रखे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola