पलामू में धान खरीद ने पकड़ी रफ्तार, 20 दिनों में 80 हजार क्विंटल की खरीद

पलामू में धान खरीद ने पकड़ी रफ्तार, 20 दिनों में 80 हजार क्विंटल की खरीद
21 पैक्स गोदाम फुल होने से खरीद प्रभावित, किसान परेशान प्रतिनिधि, मेदिनीनगर पलामू जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए धान की खरीदारी शुरू हो चुकी है. इस वर्ष अच्छी बारिश के कारण धान का उत्पादन बेहतर हुआ है. जिला प्रशासन ने इस बार दो लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है. जिले में 15 दिसंबर से पैक्स के माध्यम से धान की खरीददारी की जा रही है. अब तक 20 दिनों में विभिन्न पैक्सों से 1174 किसानों से कुल 80 हजार 517 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है. हालांकि, अब तक मात्र 2100 क्विंटल धान का ही उठाव हो पाया है, जिससे भंडारण की समस्या गहराने लगी है. तीन राइस मिलों को मिला उठाव का आदेश धान उठाव के लिए इस बार तीन राइस मिलों को अधिकृत किया गया है, इनमें कोयल एग्रो, लेस्लीगंज, आरडीएस राइस मिल,ज्योति राइस मिल, पिपरा (विश्रामपुर) शामिल हैं. पिछले वर्ष तीन लाख क्विंटल था लक्ष्य वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य सरकार द्वारा जिले को तीन लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था. इस वर्ष जिले में 63 पैक्स के माध्यम से खरीदारी की जा रही है. सरकार द्वारा किसानों से खरीदे गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर किया जा रहा है. इस बार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है. अब तक 4278 किसानों को एसएमएस भेजा जा चुका है, जबकि 13382 किसानों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी और मोबाइल एप धान क्रय को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सभी खरीद केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. किसानों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन भी विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से किसान स्वयं स्लॉट बुक कर सकते हैं. प्रति किसान अधिकतम 200 क्विंटल धान बेचने की सीमा तय की गयी है. 21 पैक्स गोदाम फुल, खरीद पर ब्रेक जिले के कई पैक्स गोदामों में भंडारण क्षमता पूरी हो जाने से धान की खरीददारी बाधित हो रही है. अधिकांश पैक्स गोदामों की क्षमता 1000 क्विंटल है. जानकारी के अनुसार करीब 21 पैक्स ऐसे हैं, जहां निर्धारित क्षमता से अधिक धान की खरीद हो चुकी है. इसके कारण संबंधित पैक्स का आइडी लॉक कर दिया गया है. जब तक इन गोदामों से धान का उठाव नहीं होता, तब तक वहां खरीदारी संभव नहीं है. इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई पैक्सों में पिछले एक सप्ताह से खरीद पूरी तरह ठप है. इन पैक्सों में नहीं हो रही खरीदारी पाटन प्रखंड के किशनपुर, पाटन,बरवाडीह, सतौआ,चैनपुर के सलतुआ, नावाडीह, बुढ़ीवीर,महुगांवा, बांसडीह, पांकी के नरु, ताल, हरिहरगंज के अररुआ, डेमा, हरिहरगंज पूर्वी, बेलोदर, सेमरवार, खड़गपुर, पिपरा के ढाबकला बभंडी, मधुबाना,सतबरवा के धावाडीह व सतबरवा पैक्स में फिलहाल धान की खरीदारी नहीं हो पा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




