भारी बारिश से भवनाथपुर में तबाही, पुल-पुलिया, सड़क व घर ध्वस्त

शुक्रवार की देर रात हुई मुसलाधार बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित
शुक्रवार की देर रात हुई मुसलाधार बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित प्रखंड में शुक्रवार रात 185 एमएम हुए बारिश बारिश का कहर प्रतिनिधि, भवनाथपुर प्रखंड में शुक्रवार रात हुई 185 एमएम बारिश ने भारी तबाही मचा दी है. पुल, पुलिया, सड़कें और दर्जनों कच्चे घर ध्वस्त हो गये. छोटी नदियां, नाले और बांध खतरे के निशान से ऊपर आ गये. भवनाथपुर प्रखंड मुख्यालय का पुल और अरसली दक्षिणी पंचायत में एक दर्जन से अधिक कच्चे घर व बांध ध्वस्त हो गये. बनसानी पंचायत में भी कई घर और सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं. भवनाथपुर थाना जाने वाली दोनों पुलिया पानी के कटाव से खतरे में हैं. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की पश्चिमी चहारदीवारी भी गिर गयी. भवनाथपुर बाजार के पास तीनों पुलों पर ऊपर से पानी बह रहा है. कर्पूरी चौक के पास बने पुल का उत्तरी-पूर्वी हिस्सा कट गया. उसी स्थान पर सदाम अंसारी का गुमटी बह गया, जिसमें 40 किलो मछली रखी थी. सदाम को लगभग 50 हजार रुपये की क्षति हुई. धंगरडीहा (मकरी) में सोयेब अंसारी की चहारदीवारी, गड़ेरिया डीह टोला में रघुथान पाल का घर गिर गया.बनसानी पंचायत के रोहिणीयां गांव में शिव स्थान से चडफेरा सड़क बह गयी, वहीं शिवनारायण सिंह, अवधेश पासवान, रूपन सिंह और उपेंद्र चंद्रवंशी के घर भी ध्वस्त हो गये. अरसली दक्षिणी पंचायत में सुरेश मिस्त्री का घर गिरने से एक गाय व एक बकरी की मौत हो गयी. इसी पंचायत में इरशाद मियां, सुदर्शन यादव, सकेंद्र चेरो, राजेंद्र सिंह, पुरन सिंह, श्यामलाल चेरो, मुमताज मियां और सुखी चेरो के घर भी ध्वस्त हो गये. पिअहवा बांध का निचला हिस्सा भी टूट गया है. थाना जाने वाला पुल टूटा थाना जाने वाले पुल का उत्तरी भाग पूरी तरह कट गया है. तिहरा पुल (सर्वेश्वरी आश्रम के पास) मिट्टी कटाव से संकट में है. सिंदुरिया पंचायत सचिवालय से टाउनशिप जाने वाला पुल, अरसली उत्तरी पंचायत का गडले टोला पुल और मकरी पंचायत में बिरसा नगर की सौ मीटर सड़क बह गयी. झगराखांड–बरवारी आरइओ सड़क का भी एक सौ मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया, जिससे घटिया निर्माण की पोल खुल गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




