अर्धनारीश्वर महादेव के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब

मां गढ़देवी मंदिर में पांच दिवसीय प्राणप्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने किये दर्शन
मां गढ़देवी मंदिर में पांच दिवसीय प्राणप्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने किये दर्शन प्रतिनिधि, गढ़वा शहर स्थित मां गढ़देवी मंदिर के प्रथम तल पर भगवान अर्धनारीश्वर महादेव की प्रतिमा का पांच दिवसीय प्राणप्रतिष्ठा अनुष्ठान शुक्रवार को विधिवत रूप से संपन्न हुआ. अनुष्ठान के अंतिम दिन प्रातः 7 बजे से भव्य संगीतमय पूजन के साथ इसका समापन हुआ. पूर्ण वैदिक विधि-विधान से आयोजित इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही. अनुष्ठान के प्रधान आचार्य आशीष वैद्य के सानिध्य में काशी से पधारे वैदिक विद्वानों ने श्री दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ पूजन प्रारंभ किया. प्राणप्रतिष्ठा अनुष्ठान के यजमान विनोद जायसवाल सपत्नीक कंचन जायसवाल ने मंडपस्थ वेदियों एवं आवाहित देवी-देवताओं का विधिवत पूजन संपन्न कराया. इस अवसर पर सकल जनकल्याण तथा गढ़वा नगरवासियों के ऐश्वर्य, वैभव और सुख-समृद्धि की कामना की गयी. पूजन उपरांत गर्भगृह में स्थापित भगवान अर्धनारीश्वर महादेव की प्रतिमा की न्यास क्रिया संपन्न कर प्राणप्रतिष्ठा की गयी. इसके बाद दिव्य स्नान, विधिवत पूजन-अर्चन एवं पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान का समापन हुआ. पूर्णाहुति के बाद हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा. इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर निर्माण समिति के कोषाध्यक्ष हेमेंद्र कुमार सिंह, मुन्ना मोबाइल, शंभूनाथ केशरी, रवि केशरी, सुरेश पटवा, विनोद प्रसाद, अरविंद पटवा, अनिल बघेल, जवाहिर चंद्रवंशी, शैलू, जगजीवन बघेल, सागर हिन्दू, प्रमिला देवी सहित प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों का योगदान रहा. इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज की गई. पट खुलते ही श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ प्राणप्रतिष्ठा के बाद जैसे ही मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गये, मंदिर परिसर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही लंबी कतारें लग गयीं. पहली बार भगवान अर्धनारीश्वर महादेव के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया. हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने फूल, नारियल, अगरबत्ती व प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की. दर्शन कर भावविभोर हो उठे श्रद्धालु : रामचंद्र चंद्रवंशी इस अवसर पर न्यास बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि वैदिक विधि से संपन्न पांच दिवसीय अनुष्ठान के बाद भगवान अर्धनारीश्वर महादेव के दर्शन के लिए पट खोले गये, जिसमें महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी दर्शन कर भावविभोर हो उठे. उन्होंने प्रधान आचार्य आशीष वैद्य एवं समस्त वैदिक विद्वानों के प्रति आभार व्यक्त किया. अनुष्ठान में उपाचार्य रंजन शास्त्री, ब्रह्मा मयंक शास्त्री, आचार्य दीपक मिश्रा, हरिओम पांडेय, अजय शास्त्री, अमन कौशल शास्त्री, गौरव शास्त्री, अतुल शास्त्री सहित अनेक वैदिक विद्वान शामिल थे. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति, स्वयंसेवकों और सेवकों को व्यवस्था संभालने में विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी. जिला प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गों पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




