बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना: 31 अगस्त तक मात्र 1 रुपये में होगा फसल बीमा ,जागरूकता रथ रवाना
AI Generated Image
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 31 अगस्त तक मात्र 1 रुपये में फसलों का बीमा कराएं। प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क करें।
मनोज दूबे की रिपोर्ट मझिआंव (गढ़वा) : खरीफ फसल को प्राकृतिक आपदा, कीट और विपरीत मौसम से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए मंगलवार को बरडीहा प्रखंड कार्यालय परिसर से 'बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' के तहत जागरूकता रथ को बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ प्रखंड के विभिन्न गांवों में घूम-घूमकर किसानों को योजना के प्रति जागरूक करेगा.
अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द कराएं बीमा: बीडीओ
जागरूकता रथ को रवाना करने के बाद किसानों को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि खरीफ मौसम में मुख्य रूप से धान और मकई की फसल का बीमा कराया जा सकता है. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी फसलों का बीमा करा लें. इससे किसी भी अनहोनी या आपदा की स्थिति में फसल खराब होने पर उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सकेगा.
मात्र 1 रुपये के शुल्क पर होगा पंजीकरण
बीडीओ ने बताया कि योजना के तहत नामांकन के लिए किसानों को मात्र 1 रुपये का टोकन शुल्क देना होगा. खरीफ फसल का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को वित्तीय जोखिम से बचाकर आर्थिक मजबूती प्रदान करती है.
ये भी पढ़ें: अनाथ बच्चे को 4000 रुपये मासिक सहायता दिलाने का निर्देश, जमीन विवाद में शांति की अपील
सहायता के लिए टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर जारी
किसानों की सुविधा और जानकारी के लिए सरकार की ओर से टोल फ्री नंबर 14447 और व्हाट्सएप नंबर 7065514447 जारी किया गया है. किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए किसान इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं. प्रखंड प्रशासन ने क्षेत्र के तमाम किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: आवास योजना की राशि लेकर घर न बनाने वाले लाभुकों पर अब गिरेगा गाज, नीलाम पत्र वाद दायर
क्या है बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, सूखा, अतिवृष्टि, कीट पतंगों और मौसम की मार से फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करती है. इस योजना में नामांकन बेहद नाममात्र प्रीमियम (1 रुपये) पर होता है और क्षतिपूर्ति का क्लेम सीधे किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित किया जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










