कन्या विवाह एवं विकास समिति पर ठगी का आरोप, एसडीओ से कार्रवाई की मांग

कन्या विवाह एवं विकास समिति पर ठगी का आरोप, एसडीओ से कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधि, गढ़वा शहर के टंडवा मुहल्ला की महिलाओं ने कन्या विवाह एवं विकास समिति पर ठगी करने का आरोप लगाया है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अनुमंडल कार्यालय पहुंचीं और गढ़वा एसडीओ को आवेदन देकर राशि वापस दिलवाने की मांग की. आवेदन में बताया गया है कि कन्या विवाह एवं विकास समिति ने बच्चियों की शादी कराने के नाम पर सामग्री देने का वादा किया था, इसके बदले उनसे प्रतिमाह रुपये की वसूली की गयी, लेकिन कई महिलाओं ने अपने स्तर पर लड़कियों की शादी कर दी, फिर भी समिति की ओर से उन्हें कोई सामग्री नहीं दी गयी और न ही राशि लौटायी गयी. आवेदन देने वाली महिलाओं में सविता देवी ने 2500 रुपये, सुनीता देवी ने 2250 रुपये, रीता देवी ने 3605 रुपये, सविता देवी ने 1250 रुपये और देवंती देवी ने 1500 रुपये की राशि ठगने का आरोप लगाया है. साथ ही एक अन्य महिला मेराल के लातदाग गांव की निवासी निर्मला देवी ने भी एसडीओ को आवेदन दिया. निर्मला देवी ने कहा कि वे कन्या विवाह एवं विकास समिति में एजेंट के रूप में कार्य कर रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस संस्था के विकास माली के जरिए करीब 400 से अधिक महिलाओं से शादी में सामग्री देने के नाम पर रुपये की वसूली की गयी. इसके बदले उन्हें 20 प्रतिशत कमीशन देने का वादा किया गया था. हालांकि, महिलाओं से रुपये वसूलने के बावजूद उन्हें कोई सामग्री प्रदान नहीं की गयी. अब महिलाएं उनसे अपने रुपये वापस या सामग्री की मांग कर रही हैं, जिससे वे मानसिक दबाव में हैं. निर्मला देवी ने यह भी आरोप लगाया कि महिला समूह से 1.45 लाख रुपये भी वसूल किये गये थे, लेकिन वह राशि भी अब तक वापस नहीं की गयी. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और राशि वापस दिलवाने की अपील की है. एसडीओ ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




