पारा शिक्षक हड़ताल पर, पठन-पाठन ठप

Published at :20 Sep 2016 8:35 AM (IST)
विज्ञापन
पारा शिक्षक हड़ताल पर, पठन-पाठन ठप

गढ़वा : झारखंड प्रदेश पारा शिक्षक महासंघ के आह्वान पर जिले में शिक्षकों का एक गुट के 17 सितंबर से हड़ताल पर चले जाने से जिले के शैक्षणिक व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है़ कई प्रखंडों में विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हो गया है़ इनमें मुख्य रूप से कांडी, खरौंधी, भवनाथपुर, नगरउंटारी, धुरकी, […]

विज्ञापन
गढ़वा : झारखंड प्रदेश पारा शिक्षक महासंघ के आह्वान पर जिले में शिक्षकों का एक गुट के 17 सितंबर से हड़ताल पर चले जाने से जिले के शैक्षणिक व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है़ कई प्रखंडों में विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हो गया है़
इनमें मुख्य रूप से कांडी, खरौंधी, भवनाथपुर, नगरउंटारी, धुरकी, सगमा, रमना, विशुनपुरा व मेराल प्रखंड के करीब 50 प्रतिशत विद्यालय. वहीं रंका, रमकंडा, भंडरिया व मझिआंव प्रखंड के 20 प्रतिशत विद्यालयों में हड़ताल का असर देखा गया़ यद्यपि पारा शिक्षक महासंघ गढ़वा जिला महासचिव अमरेंद्र पंडित ने दावा किया कि हड़ताल का पूरे जिले में व्यापक असर पड़ा है़
उन्होंने 3500 पारा शिक्षकों हड़ताल पर जाने व इससे 1000 विद्यालयों के प्रभावित होने की बात कही है़ जिला महासचिव ने कहा कि हर बार सरकार पारा शिक्षकों को छलने का काम करती आयी है़ लेकिन इस बार उनकी आर-पार की लड़ाई है़ इस बार समायोजन लेकर ही वे हड़ताल से वापस लौटेंगे़ उन्होंने कहा कि पिछले हड़ताल में उनकी 25 प्रतिशत मानदेय वृद्धि करने का सरकार ने आश्वासन दिया था़ लेकिन सरकार अब इससे भी मुकर गयी है़, जिसके कारण उन लोगों के समक्ष करो या मरो की स्थिति बन गयी है़ 20 सितंबर को सभी प्रखंडों में संघ मोटरसाइकिल रैली निकालेगी.
भवनाथपुर में 212 पारा शिक्षक हड़ताल पर गये : भवनाथपुर. भवनाथपुर प्रखंड पारा शिक्षक संघ की बैठक प्रखंड अध्यक्ष दीपक सिंह की अध्यक्षता में बुनियादी विद्यालय के परिसर में हुई. इसमें संघ के आह्वान पर 19 सितंबर से भवनाथपुर के सभी 212 शिक्षकों के अनिश्चतकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया़ बैठक के बाद प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को संघ द्वारा हड़ताल पर जाने की लिखित सूचना दी गयी़ इस मौके पर दीपक सिंह ने कहा कि सरकार के डराने से वे सभी डरनेवाले नहीं हैं. चाहे जो भी अंजाम हो, वे अपना हक लेकर रहेंगे़ इस मौके पर पलामू जिलाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि सरकार की उपेक्षा के कारण सभी शिक्षक हड़ताल पर जाने के लिए विवश हैं. गढ़वा जिलाध्यक्ष अरविंद प्रताप देव ने कहा कि जिले के सभी पारा शिक्षक एकजुट होकर सड़क पर उतर गये हैं. सरकार जबतक उनकी भविष्य को सुरक्षित नहीं करती है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा़ इस मौके पर पंकज कुमार रजक, राकेश चौबे, प्रियंरजन यादव, सुनील गुप्ता, याकूब अंसारी, मनोज सोनी, रविंद्र साह सहित कई पारा शिक्षक उपस्थित थे़
मोटरसाइकिल जुलूस निकला : कांडी. कांडी प्रखंड में पारा शिक्षकों ने मोटरसाइकिल जुलूस निकाला. इस दौरान पारा शिक्षकों ने दर्जनों स्कूलों का भ्रमण किया़ उन्होंने कहा कि पारा शिक्षक 17 सितंबर से ही हड़ताल पर चले गये हैं. बचे हुए पारा शिक्षक सोमवार से हड़ताल पर चले गये. इधर सोमवार से बीआरपी/सीआरपी के हड़ताल पर चले जाने से शैक्षणिक कामकाज प्रभावित हो गया है़ मध्याह्न भोजन प्रभारी सुमंत राम के भरोसे सारा कामकाज चल रहा है़ प्रखंड के कई उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय व नव प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई व मध्याह्न भोजन पूरी तरह प्रभावित हो गया़
हड़ताल पर जायेंगे पारा शिक्षक : मझिआंव. पारा शिक्षक संघ के आह्वान पर मझिआंव प्रखंड पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष एजाज अहमद ने बीआरसी कार्यालय को पत्र देकर सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने की घोषणा की़ यदि सभी शिक्षक हड़ताल पर चले गये, तो प्रखंड के 54 अभियान विद्यालयों में पूर्ण रूप से ताला लटक सकता है़ वहीं 24 मवि व 12 प्रावि में पठन-पाठन प्रभावित हो जायेगा़ प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जायेगा, वे हड़ताल से वापस नहीं होंगे़
हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया: रमकंडा. पारा शिक्षक संघ के आह्वान पर रमकंडा प्रखंड के पारा शिक्षकों ने सोमवार को एक बैठक कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया़ बैठक के बाद बीइइओ के नाम संघ ने आवेदन देकर हड़ताल की जानकारी दी. संघ के प्रखंड उपाध्यक्ष पूरणमल विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करेगी, तब तक उनका हड़ताल जारी रहेगा़ बैठक में सचिव प्रदीप बैठा, कमलेश यादव, सुनील प्रसाद, संजय दुबे, उपेंद्र दुबे, वशिष्ठ सिंह, विनोद प्रसाद, अजीत दुबे, विजय ठाकुर सहित कई पारा शिक्षक उपस्थित थे.
हड़ताल पर गये पारा शिक्षक : रंका. रंका प्रखंड के पारा शिक्षक संघ के आह्वान पर सोमवार से अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गये हैं. पारा शिक्षक इरफान अहमद अंसारी, त्रिलोकी प्रसाद, संजय चौधरी, आशीष कुमार सिंह, शिव कुमार साह, अरविंद ठाकुर, बिंदु पांडेय, अजीत पांडेय ने सामूहिक रूप से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रखंड के सभी 350 पारा शिक्षक सोमवार से हड़ताल पर चले गये हैं.
हड़ताल को लेकर बैठक : केतार. केतार प्रखंड में हड़ताल को लेकर पारा शिक्षकों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है़ प्रखंड के दर्जनों पारा शिक्षक महासंघ के आह्वान पर हड़ताल पर चले गये हैं. वहीं कई पारा शिक्षक अभी तक हड़ताल के विषय में निर्णय नहीं ले पाये हैं.
सोमवार को बीआरसी में लगातार इसको लेकर बैठक हुई. पलामू जिलाध्यक्ष मनोज सिंह व गढ़वा जिलाध्यक्ष अरविंद प्रताप देव ने केतार पहुंच कर पारा शिक्षकों को एकजुट करने के लिए बैठक की़ लेकिन कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जा सका था़
दूसरे गुट की बैठक 24 को : गढ़वा. झारखंड राज्य सहयोगी पारा शिक्षक संघ की बैठक हड़ताल को लेकर शनिवार को स्थानीय पीतांबर उद्यान में रखी गयी है़ इसकी जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष सूर्यदेव तिवारी ने कहा कि उक्त बैठक में हड़ताल के लिए रणनीति बनायी जायेगी़ उन्होंने कहा कि वर्तमान में झारखंड प्रदेश पारा शिक्षक संघ ने हड़ताल का आह्वान किया. इसमें कितने प्रखंड के पारा शिक्षक शामिल हैं तथा कितने प्रखंड हड़ताल में शामिल नहीं है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola