गंगा दशहरा पर नदियों को बचाने का लिया संकल्प

गढ़वा : गायत्री परिवार, गढ़वा विकास मंच और युगांतर भारती के संयुक्त बैनर तले गुरुवार की सुबह गंगा दशहरा पर नदी महोत्सव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शहर स्थित पुलिस लाइन के पास स्थित दानरो नदी तट पर नदी पूजन किया गया. नदी पूजन में उपस्थित स्वयंसेवकों व गायत्री परिजनों ने नदी संरक्षण […]
गढ़वा : गायत्री परिवार, गढ़वा विकास मंच और युगांतर भारती के संयुक्त बैनर तले गुरुवार की सुबह गंगा दशहरा पर नदी महोत्सव का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शहर स्थित पुलिस लाइन के पास स्थित दानरो नदी तट पर नदी पूजन किया गया. नदी पूजन में उपस्थित स्वयंसेवकों व गायत्री परिजनों ने नदी संरक्षण और इसके प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर दानरो नदी का पूजन कर हवन यज्ञ किया गया.
कार्यक्रम का समापन आरती और संकल्प के साथ किया गया. इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिव्राजक संतन मिश्र ने नदियों के महत्व और आज नदियों की बनी स्थिति पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि वनस्पति जगत से लेकर समस्त जंतुओं के जीवन के लिए नदियों का जिंदा रहना आवश्यक है. नदियां हमारी जीवन रेखा होती हैं. इसलिए हमारे ऋषियों ने प्रकृति के साथ संतुलन बनाये रखने की शिक्षा दी. लेकिन आज हम अपने स्वार्थ में पर्यावरण का अंधाधुंध दोहन कर संतुलन को बिगाड़ कर रख दिये हैं.
कार्यक्रम में गढ़वा विकास मंच की अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि नदियों से अंधाधुंध बालू का दोहन उसके अस्तित्व को मिटा रहा है. बड़ी-बड़ी नदियों में भी पानी सूखता जा रहा है. यदि यही गति बनी रही, तो आनेवाली पीढ़ी को इसका और अधिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि दानरो नदी को बचाने के लिए गढ़वा विकास मंच और युगांतर भारती गायत्री परिवार के साथ मिल कर काम करेगा. मंच के सचिव सुरेंद्र दुबे ने कहा कि नदियों को बचाने के लिए जन जागरूकता की जरूरत है. जनक विकास धारा ऑर्गनाइजेशन के रामशंकर चौबे ने कहा कि पानी, जंगल और नदियों को बचाने के लिए सबको मिल कर काम करने की जरूरत है.
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में गायत्री परिवार महिला मंडल की जिला प्रभारी शोभा पाठक ने पूजन व हवन किया. इस मौके पर गायत्री परिवार के बनारसी पांडेय, राजेश ठाकुर, मिथिलेश कुशवाहा, वृंदा ठाकुर, अखिलेश कुशवाहा, प्रभुदयाल प्रजापति, अरुण पांडेय, अनिल विश्वकर्मा, रंजीत केसरी, अनिता देवी, नीलम कुमारी, सुनंदा दुबे, ममता चौबे, ममता उपाध्याय, प्रमिला देवी, पूर्णिमा कुमारी सहित काफी लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




