East Singhbhum News : प्लांट गेट जाम, अधिकारियों का प्रवेश रोका

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 18 Feb 2026 12:09 AM

विज्ञापन

मुसाबनी. कंसंट्रेटर प्लांट में ठेका मजदूरों की बहाली पर अड़ा मुखिया संघ, बहाली को लेकर आंदोलन तेज

विज्ञापन

मुसाबनी. एचसीएल के मुसाबनी कंसंट्रेटर संयंत्र में ठेका मजदूरों की बहाली को लेकर मुखिया संघ मुसाबनी प्लांट एरिया की ओर से मंगलवार को संयंत्र के दोनों प्रवेश द्वारों में धरना दिया. धरना के कारण मंगलवार सुबह से मुसाबनी प्लांट में परिवहन पूरी तरह ठप रहा. धरना स्थल पर बैठे मुखिया संघ के सदस्यों ने प्लांट में अधिकारियों को प्रवेश नहीं करने दिया, जबकि ठेका मजदूर अपनी ड्यूटी पर गए. धरना स्थल पर मुखिया संघ जीरो किमी के स्थानीय पूर्व कर्मचारियों के आश्रितों को प्लांट में बहाली की मांग कर रहे हैं. धरना पर बैठे मुखिया, वार्ड सदस्य और स्थानीय ग्रामीणों ने प्लांट में बहाली बंद रहने पर रोष व्यक्त करते हुए जल्द बहाली शुरू करने की मांग की. पूर्वी मुसाबनी पंचायत के मुखिया दुलाल महाली ने आरोप लगाया कि प्रबंधन सुरदा माइंस में मजदूरों की बहाली कर रहा है, जबकि मुसाबनी प्लांट में बहाली पर रोक है. उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को प्रबंधन छलने का प्रयास कर रहा है और बहाली में दोहरी नीति अपनायी जा रही है. समाचार लिखे जाने तक प्लांट के दोनों गेट पर धरना जारी था. आंदोलनकारी धरना स्थल पर खिचड़ी बनाकर भोजन कर रहे थे. धरना में पंचायत के मुखिया के अलावा वार्ड सदस्य सरिता मुर्मू, मल्लिका नारायण देव, सुशील कुमार साहू, बिसरत खान, सुरेश बेहरा, संजय हेंब्रम, मोहम्मद कादिर, बुधेश्वर मुर्मू, बलराम माडी सहित कई लोग शामिल थे.

दोपहर में त्रिपक्षीय वार्ता हुई विफल

धरना को समाप्त करने के लिए दोपहर में प्लांट कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गयी. वार्ता में मुखिया संघ ने प्लांट में बहाली जल्द शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि अब तक प्रबंधन केवल आश्वासन दे रहा है, जिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता और जब तक बहाली नहीं होती, अनिश्चितकालीन गेट जाम रहेगा. करीब एक घंटा चली वार्ता विफल हो गयी. वार्ता में एचसीएल की ओर से एचआर कमलेश कुमार और साकेत सिंह, अंचल कार्यालय की ओर से प्रभारी अंचल निरीक्षक कन्हाई लाल हांसदा तथा राजस्व कर्मचारी शरद चंद्र बेरा शामिल हुए. मुखिया संघ की ओर से धोबनी पंचायत के मुखिया रामचंद्र मुर्मू, मेढ़िया के मुखिया बासो हांसदा, पूर्वी बदिया के हलयाणी मुंडू, दक्षिणी बादिया के मुखिया दुलारी मुर्मू तथा मुखिया दुलाल महली उपस्थित थे धरना और विफल वार्ता के कारण मुसाबनी कंसंट्रेटर प्लांट में बहाली और संचालन को लेकर गतिरोध जारी है.

केंदाडीह माइंस में बहाली में पारदर्शिता की मांग

मुसाबनी. 14 मौजा के ग्राम प्रधान मेघराय सोरेन के नेतृत्व में 12 मौजा केंदाडीह माइंस समन्वय समिति ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय का दौरा किया. अंचलाधिकारी (सीओ) की अनुपस्थिति में अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक मानिक महतो को एक मांग पत्र सौंपा. समिति ने पूर्व में माइंस का संचालन करने वाली ठेका कंपनी एमएमपीएल द्वारा 40 मजदूरों की बहाली के लिए शुरू की गयी प्रक्रिया पर स्पष्टीकरण मांगा. ग्रामीणों का कहना है कि बहाली की प्रक्रिया में स्थानीय हितों और पारदर्शिता का ध्यान रखा जाना अनिवार्य है. समिति की मांगों में केंदाडीह माइंस के लीज क्षेत्र में आने वाले ग्रामीणों की सर्वसम्मति से एक नयी और सशक्त समन्वय समिति का गठन करने, बहाली की किसी भी प्रक्रिया से पूर्व एचसीएल के पदाधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और ग्राम समिति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, मजदूरों की नियुक्ति में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाये, ताकि स्थानीय पात्र उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिल सके.

इस अवसर पर चाकुलिया के ग्राम प्रधान सुभाष टुडू, पाटकिता के फकीर भूमिज, समिति के मुख्य सलाहकार सह प्रखंड प्रमुख रामदेव हेंब्रम, सचिव सुखलाल हेंब्रम, चापड़ी वनाधिकार समिति के अध्यक्ष सुंदर हेंब्रम, चैतन्य किस्कू, सोमा पूर्ति और माटीगोड़ा के उप मुखिया समेत ग्रामीण उपस्थित थे.

केंदाडीह माइंस : व्हाट्सएप के जरिए मांगी गयी सूची का समिति ने किया विरोध

मुसाबनी. केंदाडीह माइंस कार्यालय में मंगलवार को एचसीएल प्रबंधन, ठेका कंपनी एसके खेतान और 12 मौजा समन्वय समिति के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बैठक चली. बैठक में मजदूरों की बहाली प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने पर चर्चा हुई. समिति ने व्हाट्सएप के जरिए सूची मांगने का विरोध किया. अब प्रबंधन द्वारा जरूरत बताये जाने पर समिति ग्राम सभा के माध्यम से बहाली की सूची सौंपेगी. प्रत्येक गांव से होने वाली बहाली को पूरी तरह पारदर्शी रखने पर सहमति बनी. समिति को आधिकारिक मान्यता देने के सवाल पर प्रबंधन ने कहा कि यह अधिकार एसडीओ के पास है. बैठक में माइंस मैनेजर एस संपत कुमार, एचआर हेड कमलेश कुमार और समिति की ओर से मेघराय सोरेन व रामदेव हेंब्रम सहित कई ग्राम प्रधान उपस्थित थे.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola