East singhbhum News : यूपी की बंदना व जमशेदपुर के जसवंत बने चैंपियन

Updated at : 24 Feb 2025 12:14 AM (IST)
विज्ञापन
East singhbhum News : यूपी की बंदना व जमशेदपुर के जसवंत बने चैंपियन

घाटशिला : रन फॉर वन में 3500 युवाओं ने लगायी 10 किमी तक मैराथन दौड़

विज्ञापन

घाटशिला.घाटशिला के मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मंच मैदान में रविवार को जमशेदपुर वन प्रमंडल के डीएफओ सबा आलम अंसारी की अध्यक्षता में रन फॉर वन का भव्य आयोजन हुआ. इसमें मऊभंडार से सुरदा कॉसिंग तक 10 किमी तक 3500 युवाओं (महिला-पुरुषों) ने मैराथन दौड़ लगायी. जिसमें यूपी की बंदना व जमशेदपुर के जसवंत चैंपियन बने. इस दौरान जंगलों और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, विशिष्ट अतिथि झारखंड राज्य के मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार, आरसीसीएफ स्मिता पंकज ने संयुक्त रूप से किया. प्रतिभागियों के बीच वन विभाग ने गंजी समेत अन्य सामग्रियों का वितरण भी किया. वन विभाग के पहली बार जंगल बचाने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर लोगों में जागरूकता फैलाने के काम की सराहना की जा रही है.

झारखंड में पौधा लगाने की जरूरत : बंदना

रन फॉर वन में शामिल महिला ग्रुप से उत्तर प्रदेश की बंदना कुमारी विजेता बनी. उसे 51 हजार का नगद इनाम और ट्रॉफी देकर मंत्री रामदास सोरेन व वन विभाग के पदाधिकारी ने पुरस्कृत किया. बंदना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो व्यापक पैमाने पर वन लगाने का काम हो रहा है. झारखंड में भी इस पर पहल करने की जरूरत है. वहीं, द्वितीय पुरस्कार उत्तर प्रदेश (बनारस) की सोनी टेढ़ी को 21 हजार नगद व ट्रॉफी, तृतीय पुरस्कार उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) की संपा केन को 11 हजार नगद व ट्रॉफी, चतुर्थ पुरस्कार बिहार (सिवान) की पूजा सिंह को 5100 नगद व ट्रॉफी, पांचवां पुरस्कार उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) की अंजलि पटेल को 5100 व व ट्रॉफी देकर अतिथियों ने सम्मानित किया.

वनों को संरक्षित करने की जरूरत : जसवंत

वहीं, पुरुष ग्रुप से जमशेदपुर के जसवंत सरोज विजेता बने. मंत्री रामदास सोरेन ने उन्हें नगद 51 हजार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. जसवंत ने कहा इस कार्यक्रम के लिए झारखंड सरकार व सभी विभाग बधाई के पात्र हैं. झारखंड में वन संरक्षण की दिशा में और बेहतर पहल करने की जरूरत है. इसके साथ द्वितीय स्थान झारखंड के डुमरी निवासी दीपक कुमार ठाकुर को 21 हजार नगद व ट्रॉफी, तृतीय स्थान पर पश्चिम बंगाल खड़गपुर के पंचानंद बेरा को 11 हजार नगद व ट्रॉफी, चौथा स्थान बहरागोड़ा निवासी धनंजय महतो को 51 सौ नगद व ट्रॉफी, पांचवां स्थान चाईबासा निवासी चंदन साह को 5100 नगद व ट्रॉफी देकर अतिथियों ने सम्मानित किया.

जल, जंगल और जमीन बचाने की सामूहिक संकल्प लें : रामदास सोरेन

उद्घाटन समारोह में मंत्री रामदास सोरेन ने कहा वन हैं तो हम हैं, हम हैं तो वन हैं. झारखंड के जल, जंगल और जमीन को बचाने का सभी सामूहिक रूप से संकल्प लें. वन-जंगल हमारे हैं. इसके बिना झारखंडियों का जीवन अधूरा है. वनोत्पात से हजारों लोगों का जीवन संवर रहा है. इसलिए इसका संरक्षण जरूरी है. झारखंड शहीदों की भूमि भी रही है. जंगलों को बचाकर शहीदों के सपनों को साकार करें. जीव, जंतु, मवेशी, पशु-पक्षी, मनुष्य सभी वन पर ही आश्रित हैं. झारखंड व पूर्वी सिंहभूम के सभी लोग जंगलों को बचाने का संकल्प लें. इस कार्यक्रम के लिए झारखंड, जमशेदपुर वन प्रमंडल, मऊभंडार एचसीएल- आइसीसी कंपनी बधाई के पात्र हैं.

प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है राज्य : अशोक

झारखंड राज्य के मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने कहा कि झारखंड की धरती प्राकृतिक सौंद्रर्य से परिपूर्ण है. जंगलों-पहाड़ों को बचाकर रखें. जमशेदपुर वन प्रमंडल व घाटशिला रेंज द्वारा मऊभंडार में रन फॉर वन मैराथन दौड़ से जागरूकता आयेगी. इसके लिए मऊभंडार एचसीएल आइसीसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम सराहनीय है. इस तरह का कार्यक्रम पूरे झारखंड में करने की आवश्यकता है. एचसीएल आइसीसी के कार्यपालक निदेशक सह इकाई प्रमुख श्याम सुंदर सेठी ने कहा कि सही मायने में यह कार्यक्रम सराहनीय है और भी इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए.

दलमा रेंज का कैलेंडर जारी, टाटा स्टील कर्मी सम्मानित

कार्यक्रम में मंत्री रामदास सोरेन, जमशेदपुर वन प्रमंडल डीएफओ सबा अहमद आलम अंसारी ने दलमा रेंज के हाथी, पशु-पक्षी से संबंधित कैलेंडर जारी किया. वहीं, टाटा स्टील कंपनी से भाग लेने वाले पदाधिकारियों व कर्मचारियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया. मौके पर कालीपद गोरीई, जगदीश भकत, कान्हू सामंत, कॉल्टू चक्रवर्ती, विक्रम मुर्मू, समेत पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर वन प्रमंडल व घाटशिला रेंज के कर्मचारी पदाधिकारी उपस्थित थे.

पुरुषों से अधिक महिलाओं में दिखा उत्साह

कार्यक्रम में मऊभंडार से सुरदा कॉसिंग तक जाना और आना था. 10 किमी दौड़ लगानी थी. इसमें पुरुषों से ज्यादा महिलाओं में उत्साह दिखा. महिलाओं का हौंसला देखते ही बन रहा था. दौड़ लगाने वालों के सुरक्षा में वन कर्मी बाइक पर सवार होकर जुटे थे. मेडिकल टीम मुस्तैद थी. हालांकि कोई प्रभावित नहीं हुआ. दौड़ के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन रोक दिया गया था. मऊभंडार स्थित बेनासोल के आसपास के ग्रामीण महिला-पुरुष भी सड़कों पर मैराथन दौड़ को देखने के लिए कतार बद्ध होकर खड़े थे.

पर्यावरण मित्र ने चलाया स्वच्छता अभियान

पर्यावरण मित्र के स्वयंसेवी कार्यकर्ता ने कोरु फाउंडेशन के साथ स्वच्छता अभियान चलाया. कोरु फाउंडेशन और घाटशिला कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस और पर्यावरण मित्र के सदस्यों में मैराथन में हिस्सा लेने के साथ आयोजन स्थल से लेकर पूरे रास्ते से सभी प्लास्टिक के बॉटल्स, रैपर्स और नाश्ता पॉकेट को कलेक्ट कर उसे डिस्पोजल को सुपुर्द किया. पर्यावरण मित्र ने घाटशिला कॉलेज परिसर में 5 जामुन के पौधे लगाये. अभियान में डॉ संदीप चंद्रा, प्रताप अधिकारी, इंदल पासवान, नंद किशोर राम, शिव पावा, राजेश कुमार, मिहिर भकत, राजकमल आदि ने सक्रिय भूमिका निभायी.

ये थे मौजूद

घाटशिला एसडीओ सुरेश चंद्र, जिप सदस्य देवयानी मुर्मू, मानगो रेंजर दिग्विजय सिंह, घाटशिला रेंजर विमद कुमार, घाटशिला बीडीओ यूनिका शर्मा, पुलिस, प्रशासन, मऊभंडार एचसीएल आइसीसी कंपनी के कर्मी, जमशेदपुर वन प्रमंडल, टाटा स्टील आदि.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola