चाकुलिया के बेमको में जुए और नशे के अड्डे पर पुलिस का छापा

Updated:
विज्ञापन
फोटो:  पुलिस को देख तिरपाल छोड़ भागे असामाजिक तत्व | Prabhat Khabar Network

फोटो: पुलिस को देख तिरपाल छोड़ भागे असामाजिक तत्व | Prabhat Khabar Network

चाकुलिया के बेमको परिसर में चल रहे अवैध जुए और नशे के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी की। पार्षद प्रतिनिधि की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।

विज्ञापन

प्रतिनिधि, चाकुलिया

थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती स्थित बेमको परिसर में पिछले कई दिनों से चल रहे अवैध जुए और नशे के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है. रविवार को चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार को जैसे ही इस गुप्त ठिकाने की भनक लगी, उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस बल के साथ बेमको परिसर में छापामारी अभियान चलाया. पुलिस की अचानक हुई इस दबिश से मौके पर हड़कंप मच गया और वहां मौजूद सभी असामाजिक तत्व पुलिस को देखते ही झाड़ियों और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर भाग निकले.

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार बेमको परिसर एक बेहद सुनसान इलाका है, जहां आम लोगों की आवाजाही नहीं के बराबर होती है. इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व यहां प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक जुए का खेल धड़ल्ले से संचालित कर रहे थे. धूप और बरसात से बचने के लिए बकायदा तिरपाल टांगकर और जमीन पर दरी बिछाकर सुबह 8 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक आराम से यह अवैध धंधा फल-फूल रहा था. जुए के साथ-साथ यह क्षेत्र युवाओं के लिए नशे का भी सुरक्षित अड्डा बन चुका था, जहां समाज से छिपकर युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे थे.

पार्षद प्रतिनिधि ने डीजीपी और एसएसपी से की शिकायत

इस अवैध जमावड़े से मुस्लिम बस्ती और आस-पास के क्षेत्र के लोग बेहद परेशान थे. असामाजिक तत्वों का भय इस कदर हावी था कि स्थानीय लोग पुलिस के पास जाने से भी कतरा रहे थे. थक-हारकर लोगों ने इसकी लगातार शिकायत वार्ड संख्या 9 के पूर्व पार्षद सह वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि असगर हुसैन से की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्षद प्रतिनिधि ने इस पूरे रैकेट की लिखित शिकायत सीधे राज्य के डीजीपी एवं जमशेदपुर एसएसपी से की. असगर हुसैन ने बताया कि मुस्लिम बस्ती के ही एक स्थानीय युवक द्वारा इन सभी अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है. चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola