Jamshedpur News: आजसू नेता के घर हमला और पत्नी से मारपीट का आरोप, ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर 24 घंटे में कार्रवाई की मांग
शिकायत लेकर कार्रवाई की मांग पर जादूगोड़ा थाना पहुंचे ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
मुसाबनी के कुमीरमुड़ी गांव में आजसू नेता रामदेव हेंब्रम के घर पर हमला, पत्नी से मारपीट और छेड़खानी का मामला। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग।
मुसाबनी: मुसाबनी के कुमीरमुड़ी गांव में आजसू नेता रामदेव हेंब्रम के आवास पर कुछ लोगों द्वारा हमला, मारपीट और उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किये जाने का मामला सामने आया है. मामले में रामदेव हेंब्रम की पत्नी शिवानी हेंब्रम ने जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
शिकायत के अनुसार, छह अगस्त की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच गांव के कुछ लोग रामदेव हेंब्रम के घर पहुंचे. आरोप है कि इस दौरान उन्होंने जान से मारने और गांव से भगाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की. शिकायत में डीराज मुर्मू, अशोक किस्कू और महंती किस्कू पर जबरन घर में घुसने का आरोप लगाया गया है.
शिवानी हेंब्रम ने आरोप लगाया है कि तीनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा अभद्र व्यवहार करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिये. बीच-बचाव के बाद आरोपी घर से बाहर निकले और सड़क पर हंगामा करते रहे.
पुलिस के पहुंचने के बाद शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और माझी बाबा कारिया हांसदा मौके पर पहुंचे. इसके बाद मामला शांत हुआ. घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष जादूगोड़ा थाना पहुंचे.
ग्रामीणों ने पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई नहीं होने पर मामला गंभीर हो सकता है.
जादूगोड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए