East Singhbhum News : तारापद महतो हत्याकांड में हराधन सिंह गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
East Singhbhum News : तारापद महतो हत्याकांड में हराधन सिंह गिरफ्तार

जितेंद्र दूबे और जगन्नाथ गोराई से रिमांड पर पूछताछ में पता चला

विज्ञापन

गालूडीह. गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतड़ू निवासी भाजपा नेता तारापद महतो हत्याकांड में बुधवार को पुलिस ने चंद्ररेखा निवासी भाजपा के जिला महामंत्री हराधन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस को हत्याकांड में हराधन की संलिप्तता मिली है. उसके खिलाफ गालूडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

दरअसल, पुलिस ने तारापद महतो हत्याकांड के साजिशकर्ता घाटशिला जेल में बंद जितेंद्र दूबे और मुख्य आरोपी जगन्नाथ गोराई (कोर्ट में सरेंडर किया था) को मंगलवार को रिमांड पर लिया. पुलिस ने छह दिनों की रिमांड मांगी थी, पर दो दिनों की मिली. जितेंद्र दूबे और जगन्नाथ गोराई को पुलिस ने पूछताछ की, तो भाजपा नेता हराधन सिंह की संलिप्तता पायी गयी. इसकी पुष्टि गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार ने की है.

चंदन गिरि और राजेश कर्मकार को पूछताछ के बाद छोड़ा :

थाना प्रभारी ने बताया कि हत्याकांड में संलिप्तता पाये जाने पर बुधवार की शाम में हराधन सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. दो और लोगों से पुलिस ने कई दिनों से थाना में पूछताछ की. इसमें चंदन गिरि और राजेश कर्मकार शामिल रहे. बुधवार को उन्हें छोड़ दिया गया. संलिप्तता पाये जाने पर हराधन सिंह को जेल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि हत्याकांड के तार जहां-जहां जुड़े हैं. सभी की गहन जांच की जा रही है. दोषी को छोड़ा नहीं जायेगा.

नवंबर में तारापद महतो के साथ मारपीट हुई थी :

ज्ञात हो कि नवंबर 25 में हराधन सिंह, चंदन गिरि, राजेश कर्मकार, दीपक राय और हीरालाल महतो ने पुतड़ू में एक शादी समारोह में भाजपा का पैसा लेकर जेएलकेएम का काम करने का आरोप लगाकर तारापद महतो के साथ मारपीट की थी. इसमें तारापद गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उसके बयान पर गालूडीह थाना में हराधन सिंह समेत पांच के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने तब हराधन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. दीपक राय ने कोर्ट में सरेंडर किया था. बाद में सभी को जमानत मिली थी. इसके बाद 12 जनवरी की शाम में तारापद महतो की हत्या हो गयी.

प्रशासन ने वादाखिलाफी की बीडीओ पर कार्रवाई की मांग

गालूडीह. जेएलकेएम (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) के जिला महासचिव दिनेश महतो ने बुधवार को झारखंड सरकार के गृह विभाग के सचिव को डाक के माध्यम से पत्र भेजा. घाटशिला की बीडीओ पर गंभीर आरोप लगाये. कहा गया कि गालूडीह की खड़िया कॉलोनी में तारापद महतो हत्याकांड को लेकर 17 जनवरी को पुतड़ू में एनएच पर आंदोलन हुआ. इस दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच लिखित समझौता हुआ था. उस समझौते का उल्लंघन किया गया. हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग पर एनएच जाम किया गया था. जाम हटाने के लिए लिखित समझौता में स्पष्ट था कि किसी व्यक्ति पर कोई मामला दर्ज नहीं किया जायेगा. इसके बावजूद बीडीओ यूनिका शर्मा ने गालूडीह थाना कांड संख्या 02/2026 में 16 नामजद और 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. दिनेश महतो ने पत्र में यह भी कहा है कि उक्त समझौते पर प्रशासन, पीड़ित परिवार और ग्रामीणों के हस्ताक्षर मौजूद हैं. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों पर मामला दर्ज करना प्रशासन की ओर से वादा खिलाफी और ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी है. गृह विभाग सचिव से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराने, आंदोलनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने और घाटशिला बीडीओ के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की.

– मंगलवार को जितेंद्र दुबे और जगन्नाथ गोराई को पुलिस ने रिमांड पर लिया. दोनों से तारापद महतो हत्याकांड को लेकर पूछताछ की जा रही है. बुधवार को दोनों की घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच करायी गयी. अनुसंधान चल रहा है –

अजित कुमार कुजूर

, एसडीपीओ, घाटशिला

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola