डुमरिया आवासीय स्कूल के सात बच्चे मलेरिया पीड़ित मिले, जिले में 94 नये संक्रमित

13जी 12- बीमार बच्चा सीएचसी में इलाजरत, अटेंडर बने शिक्षक | Prabhat Khabar Network
पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया के 94 नए मामले सामने आए हैं। डुमरिया आवासीय स्कूल के 7 बच्चे संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश।
पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया के बढ़ते मामले से राज्य स्तर पर चिंता बढ़ गयी है. स्वास्थ्य विभाग के विशेष अभियान के तहत सोमवार को जिले में 14,385 लोगों की जांच की गयी, जिसमें 94 नये मरीज मिले हैं. इसके साथ 29 जून से 13 जुलाई तक जिले में कुल 1,18,902 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 1,989 लोग मलेरिया से संक्रमित पाये गये हैं. प्रभावित इलाकों में एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग करायी जा रही है.\
डुमरिया : ग्रामीणों ने आंकड़े छिपाने का लगाया आरोप
डुमरिया प्रखंड के सुदूर गांवों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. विभाग भले ही स्थिति नियंत्रण में होने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है. सोमवार को लखाइडीह गांव के नेताजी सुभाषचंद्र आवासीय विद्यालय के 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया. चिकित्सा प्रभारी डॉ विनय भूषण तिवारी द्वारा जांच किये जाने पर 8 में से 7 बच्चे मलेरिया पॉजिटिव पाये गये.
तीन की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती, चार को घर छोड़ा गया
इनमें से फुल्लाई माझी (कक्षा 8), बाजू हेंब्रम (कक्षा 7) और राज मुंडा (कक्षा 5) की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, शुरू सबर, रमाय पूर्ति, मार्शल मुर्मू और दुर्गा सिंकु को दवा देकर वापस स्कूल भेज दिया गया. एक छात्र को सामान्य बुखार था. बता दें कि पिछले गुरुवार को इसी स्कूल में कैंप लगाकर की गयी जांच में 106 बच्चों में से 13 और मध्य विद्यालय लखाइडीह के 71 बच्चों में से 11 बच्चे पॉजिटिव मिले थे. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग वास्तविक आंकड़ों को छुपा रहा है या फिर प्रभावित गांवों में घर-घर जांच नहीं हो रही है.
एक घंटा तक 108 एंबुलेंस को करते रहे फोन, नहीं मिला
जवाब, शिक्षक निजी वाहन से अस्पताल ले गये बच्चों को\लखाइडीह आवासीय विद्यालय के शिक्षकों ने बीमार बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस को करीब एक घंटे तक कॉल किया. पहले ओडिशा की एंबुलेंस से संपर्क हुआ, जिसने झारखंड में सेवा देने से असमर्थता जतायी. इसके बाद जब स्थानीय 108 नंबर से संपर्क किया गया, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. बच्चों की बिगड़ती स्थिति को देख अंततः एक शिक्षक ने खुद ड्राइवर की भूमिका निभायी और निजी वाहन चलाकर सभी छात्रों को डुमरिया सीएचसी पहुंचाया.
चाकुलिया में 1126 लोगों की जांच, ब्रेन मलेरिया का एक मरीज मिला
चाकुलिया प्रखंड में मलेरिया जांच अभियान जोर-शोर से चल रहा है. सोमवार को विभिन्न गांवों में 1126 लोगों की जांच की गयी, जिसमें दो नये मरीज मिले. जमुआ गांव में प्रदीप मुंडा और सोनाहातू पंचायत के बड़ियागाजाड़ में सिपोल मांडी नामक मरीज ब्रेन मलेरिया से पीड़ित पाया गया है. चाकुलिया में 29 जून से अब तक कुल 10 मरीज मिल चुके हैं. स्वास्थ्य टीम ग्रामीणों को रात में मच्छरदानी लगाने और जलजमाव न होने देने की सलाह दे रही है.
ब्लॉकवार मिले नये मरीजों के आंकड़े\ब्लॉक/केंद्र : नये मरीज
पोटका : 28डुमरिया : 18
मुसाबनी : 13घाटशिला : 10
धालभूमगढ़ : 10पटमदा : 08
सदर अस्पताल : 04चाकुलिया : 02
जुगसलाई : 01कुल : 94
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










