बंगाल के झाड़ग्राम में CIF जवान की बंदूक से चली गोली, दो मजदूर जख्मी

Author Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन

CIF के जवानों की फाइल फोटो

झाड़ग्राम के बिनपुर में CIF कैंप के पास ड्यूटी पर तैनात जवान की बंदूक से दुर्घटनावश चली गोली से काम से लौट रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया है.

विज्ञापन

खड़गपुर ये जीतेश बोरकर की रिपोर्ट

झाड़ग्राम जिले के बिनपुर थाना क्षेत्र के बेतकुंदरी इलाके में CIF (Counter Insurgency Force) के एक जवान की बंदूक से कथित तौर पर दुर्घटनावश गोली चलने से बालू खदान में काम करने वाले दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना दहिजुड़ी CIF कैंप के पास हुई. गोली चलने के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है.

काम से लौट रहे थे मजदूर

पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान शुभदीप घोष और अमित मंडल के रूप में हुई है. दोनों बीरभूम जिले के दुबराजपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव के निवासी हैं. जीविका की तलाश में वे झाड़ग्राम जिले के बिनपुर-1 ब्लॉक स्थित एक बालू खदान में मजदूरी करते हैं. दोनों मजदूर काम खत्म कर अपने ठिकाने लौट रहे थे. इसी दौरान ये हादसा हुआ.

CIF कैंप के पास हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार बेतकुंदरी स्थित दहिजुड़ी सीआइएफ कैंप के पास ड्यूटी पर तैनात जवानों ने काम से लौट रहे मजदूरों से पूछताछ शुरू की. इसी दौरान एक सीआइएफ जवान की बंदूक से दुर्घटनावश गोली चल गयी, जिसकी चपेट में दोनों मजदूर आ गये. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे.

बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर

गोली लगने से शुभदीप घोष के सीने के पिछले हिस्से और बाएं पैर में गंभीर चोट लगी, जबकि अमित मंडल के बाएं पैर में गोली लगी. दोनों मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े. दोनों घायलों को तत्काल झाड़ग्राम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया गया.

दुर्घटनावश चली गोली

घटना की सूचना मिलते ही झाड़ग्राम जिला पुलिस ने जांच शुरू कर दी. जिला पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने बताया कि दहिजुड़ी सीआइएफ कैंप के पास संदिग्ध दुर्घटनावश गोली चलने की घटना में दो लोग घायल हुए हैं. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए कोलकाता भेजा गया.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

विस्तृत जांच का आदेश

मानव सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीआइएफ के एक जवान की बंदूक से दुर्घटनावश गोली चली थी. हालांकि गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और घटना में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है.

Also Read: पश्चिम बंगाल में 12 जिलों के मदरसों की होगी जांच, 21 जुलाई तक सरकार को मिलेगी रिपोर्ट


विज्ञापन
आशीष झा

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola