East Singhbhum News : सबरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शहद उत्पादन की पहल को सराहा

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 01 Feb 2026 12:27 AM

विज्ञापन

अध्यक्ष ने सबर परिवारों की सामाजिक व शैक्षणिक स्थिति का लिया जायजा

विज्ञापन

पटमदा. झारखंड पंचम राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले के भ्रमण के क्रम में बोड़ाम प्रखंड के लायलम पंचायत के सबर बाहुल गांव पगदा सबर टोला, हाथी टोला और डांगर टोला का शुक्रवार को दौरा किया. इस दौरान उन्होंने आदिम जनजाति सबर परिवारों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया. अध्यक्ष ने विशेष रूप से जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किये गये शहद उत्पादन कार्यक्रम की सराहना की.

ग्रामीणों ने समस्याओं से रूबरू कराया

भ्रमण के दौरान अध्यक्ष ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया. ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही बाधाओं को उनके समक्ष रखा. ग्रामीणों ने बताया कि आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेंशन, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र जैसे जरूरी कागजात नहीं होने के कारण वे कई लाभकारी योजनाओं से वंचित रह जा रहे हैं. इसके अलावा भूमि स्वामित्व पट्टा न होने की समस्या भी प्रमुखता से उठायी गयी.

कैंप लगाकर समाधान का निर्देश

अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह ने स्थानीय प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इन टोलों में नियमित रूप से स्वास्थ्य और राजस्व कैंप आयोजित किये जायें. उन्होंने कहा कि प्रशासन सुनिश्चित करे कि ग्रामीणों के दस्तावेज गांव में ही बन जायें, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबर परिवारों के पशुपालन शेड और स्थानीय उत्पादों का भी अवलोकन किया. इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, प्रखंड विकास पदाधिकारी किकू महतो, अंचल अधिकारी रंजीत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित थे.

मुझे चार वर्ष पूर्व मृत घोषित कर पेंशन बंद करा दी : मंगली सबर

इस दौरान 60 वर्षीय मंगली सबर ने कहा कि उपायुक्त महोदय में अभी जीवित हूं. इसके बाद भी मुझे चार वर्ष पूर्व मृत घोषित कर पेंशन बंद करा दी. अब मैं दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हूं. मेरी शिकायत कोई नहीं सुनता है. उन्होंने फिर से पेंशन चालू कराने की मांग की.

इंटर पास हूं, सेविका की नौकरी मिले : सरस्वती

सरस्वती सबर ने कहा कि वह इंटर पास कर चुकी हैं. पटमदा डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं. सरस्वती ने आदिम जनजाति परिवार से जुड़े होने के कारण उपायुक्त से आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका में उपयुक्त से नौकरी देने की मांग की.

बेटी को विकलांग पेंशन मिले : सिवनी सबर

सिवनी सबर अपनी विकलांग बेटी के लिए विकलांग पेंशन चालू करने की मांग की. जबकि संतोष पहाड़िया ने चिमटी पहाड़िया टोला में पक्की सड़क की सुविधा व उज्जवल सबर ने पगदा सबर टोला में सांस्कृतिक भवन व क्लब की मांग की. मौके पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, बीडीओ किकू महतो, सीओ रंजीत कुमार रंजन, प्रखंड प्रमुख ललिता सिंह, मुखिया सुशील सिंह, रेंजर अपर्णा चंद्रा, ग्राम प्रधान हाकिम महतो, देवेन सिंह, अन्य सभी विभाग के अधिकारी, आंगनबाडी सेविका, सहायिका, सहिया समेत सैकड़ो ग्रामीण मौजूद थे.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola