ePaper

East Singhbhum News : प्रशासन की निष्क्रियता से तारापद की गयी जान : सुदेश

Updated at : 19 Jan 2026 12:10 AM (IST)
विज्ञापन
East Singhbhum News : प्रशासन की निष्क्रियता से तारापद की गयी जान : सुदेश

तारापद हत्याकांड. गालूडीह के पुतड़ू पहुंचे आजसू पार्टी के सुप्रीमो

विज्ञापन

गालूडीह.

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री सुदेश महतो रविवार दोपहर में गालूडीह के पुतड़ू गांव पहुंचे. मृतक तारापद महतो की पत्नी आशारानी महतो, बड़े भाई षष्टी महतो, बेटा अनूप महतो समेत अन्य परिजनों से मिले. काफी देर तक उनके घर में बैठकर घटना की जानकारी ली. घर से बाहर निकलने पर ग्रामीणों से मिले. फिर प्रभात खबर से बात करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यदि समय रहते भूमि विवाद का समाधान कर लिया जाता, तो निर्दोष तारापद महतो की जान नहीं जाती. पीड़ित परिवार सड़क पर उतर कर न्याय की मांग कर रहे हैं. यह जायज है. परिवार मुआवजा और नौकरी की मांग कर रहा है, जो उनकी मजबूरी और अधिकार दोनों हैं.

प्रशासन ने समय रहते जमीन विवाद का समाधान नहीं किया

सुदेश महतो ने कहा कि इस मामले में छह दिनों से न्याय की प्रतीक्षा की जा रही थी, ताकि षड्यंत्रकारी को चिह्नित किया जा सके. यह कोई अचानक हुई घटना नहीं है, बल्कि जमीन को लेकर चल रहे लंबे विवाद का परिणाम है. वर्षों से दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद चला आ रहा था. कई बार एफआइआर और मारपीट की घटनाएं भी हुईं, पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. सुदेश महतो ने सवाल उठाया कि सीओ ने इस मामले में पहल क्यों नहीं की. यदि समय पर प्रशासन सक्रिय होता, तो इस हत्या को रोकी जा सकती थी.

अपराधी चिह्नित हैं, पर कार्रवाई नहीं की जा रही

सुदेश महतो ने कहा कि पहले यह इलाका नक्सली घटनाओं के लिए जाना जाता था. तब नक्सली हमले में जान जाती थी. अब अपराधी खुलेआम जमीन विवाद को लेकर हत्या कर रहे हैं. इस क्षेत्र में इस तरह की यह छठी घटना है, लगातार घट रही घटना गंभीर चिंता का विषय है. सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी पहले से चिह्नित हैं, पर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है. सरकार को ही आगे आकर इस मामले में इंसाफ सुनिश्चित करना होगा. मौके पर सुदेश महतो के साथ पूर्व विधायक रामचंद्र सहिस, हरमोहन महतो, कन्हैया सिंह समेत काफी संख्या में समर्थक उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKASH

लेखक के बारे में

By AKASH

AKASH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola