15वें दिन बाबा बासुकिनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1.05 लाख कांवरियों ने किया जलार्पण; मंदिर को 22.94 लाख की आय
बासुकिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, कतारबद्ध श्रद्धालु, आरती करते भक्त | Prabhat Khabar Network
श्रावणी मेला के 15वें दिन बासुकिनाथ धाम में 1 लाख से अधिक कांवरियों ने जलार्पण किया. मंदिर को 22 लाख से अधिक की आय हुई। पूरी खबर यहाँ पढ़ें.
बासुकिनाथ. राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 15वें दिन गुरुवार को बाबा फौजदारीनाथ धाम शिवभक्ति के दिव्य रंग में रंगा नजर आया. ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर का पट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर प्रबंधन के अनुसार करीब 1,05,865 कांवरियों ने बाबा फौजदारीनाथ पर जलार्पण किया. सुबह से ही शिवगंगा घाट, मंदिर प्रांगण और मेला परिसर कांवरियों से पटा रहा.

भोर में खुला पट, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा धाम
सरकारी पूजा के बाद गर्भगृह का पट श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए खोल दिया गया. सुबह 2:55 बजे बाबा बासुकिनाथ के गर्भगृह का पट खोला गया. इसके बाद तीन बजे भोर से ही मंदिर प्रांगण में कांवरियों की भीड़ जुटने लगी. सुबह 4:06 बजे बाबा फौजदारीनाथ पर श्रद्धालुओं ने जलार्पण शुरू किया. महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग कांवरिये कतारबद्ध होकर लगातार जलार्पण करते रहे. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा.

गर्मी पर भारी पड़ी आस्था, नाचते-गाते पहुंचे कांवरिये
उमस भरी गर्मी के बावजूद शिवभक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी. कांवरिये भक्ति गीतों पर नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे और गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. वहीं 25,490 कांवरियों ने जलार्पण काउंटर पर जल डाला. काउंटर पर लगे एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं को बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग का दर्शन कराया गया. काउंटर पर डाला गया गंगाजल पाइपलाइन के माध्यम से सीधे बाबा के शिवलिंग पर अर्पित होता है. शिवगंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक गुरुवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला.

3,850 कांवरियों ने किया शीघ्रदर्शनम, न्यास को मिली 19.25 लाख की आय
शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत गुरुवार को 3,850 श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का सुलभ जलार्पण किया. इस व्यवस्था से मंदिर न्यास परिषद को 19 लाख 25 हजार रुपये की आमदनी हुई. इसके लिए श्रद्धालुओं को मंदिर कार्यालय से 500 रुपये का कूपन लेना पड़ता है. कूपन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सिंह द्वार से मंदिर प्रांगण में प्रवेश देकर विशेष द्वार से गर्भगृह में पहुंचकर जलार्पण कराया जाता है. व्यवस्था का लाभ लेने वाले कांवरियों ने इसे सुविधाजनक बताया.
मंदिर न्यास को विभिन्न स्रोतों से 22.94 लाख रुपये की आमदनी
मंदिर न्यास परिषद को गुरुवार को विभिन्न स्रोतों से कुल 22,94,374 रुपये की आमदनी प्राप्त हुई. मंदिर परिसर स्थित विभिन्न दानपेटियों से 3,25,000 रुपये, गर्भगृह स्थित गोलक से 36,970 रुपये तथा अन्य स्रोतों से 7,404 रुपये प्राप्त हुए. दानपेटी और गोलक से प्राप्त राशि की गिनती मंदिर प्रशासनिक भवन में सीसीटीवी की निगरानी और अधिकारियों की मौजूदगी में की गयी.
14 साल से सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंच रही सिक्किम कांवर मंडली
सिक्किम कांवर मंडली के करीब 100 सदस्यों ने गुरुवार को बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया. जलार्पण के बाद मंडली के सदस्यों ने मंदिर परिसर में एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलकर खुशी व्यक्त की. कांवरिया मंडली के रवि पोद्दार, गणेश राय, सोमनाथ, सुमंती कुमारी और रेखा देवी सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि पिछले 14 वर्षों से मंडली के सदस्य उत्तरवाहिनी गंगा सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बासुकिनाथ पहुंचते हैं और बाबा भोलेनाथ का जलार्पण करते हैं. मंडली के सदस्यों ने मंदिर परिसर में भव्य आरती भी की. उन्होंने कहा कि सावन में बाबा फौजदारीनाथ पर गंगाजल अर्पित करने के बाद मन को असीम शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आदित्यनाथ पत्रलेख
आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









